Britain News: ब्रिटेन की राजनीति में भूचाल, 'नाकाम' प्रधानमंत्री को इसी हफ्ते पद से हटा सकते हैं सांसद
पिछले हफ्ते ऐसा भी दावा किया गया था, कि ब्रिटेन की कंजर्वेटिव पार्टी के बागी नेता लिज ट्रस को पार्टी के नेता और प्रधानमंत्री के रूप में हटाने की योजना बना रहे हैं
Britain Pm Liz Truss Oust: ब्रिटेन की राजनीति में भारी भूचाल मच गया है और ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्रिटिश सांसद इसी हफ्ते प्रधानमंत्री लिज ट्रस को सत्ता से हटा सकते हैं। पिछले महीने प्रधानमंत्री बनने के बाद से प्रधानमंत्री लिज ट्रस अपने यू-टर्न के लिए पूरी दुनिया में प्रख्यात हो चुकी हैं और उनकी आर्थिक नीति की अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन भी आलोचना कर चुके हैं और अब ब्रिटिश मीडिया डेली मेल ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है, कि डाउनिंग स्ट्रीट की चेतावनी के बावजूद ब्रिटिश सांसद इस हफ्ते प्रधानमंत्री लिज ट्रस को हटाने की कोशिश करेंगे।

लिज ट्रस को हटाने की कोशिश
डेली मेल ने अज्ञात स्रोतों के हवाले से बताया है कि, गवर्निंग कंजर्वेटिव पार्टी से संबंधित संसद के 100 से ज्यादा सदस्य (सांसद) प्रधानमंत्री लिज ट्रस के खिलाफ अविश्वास के पत्र कंजरवेटिव पार्टी की समिति के प्रमुख ग्राहम ब्रैडी को सौंपने के लिए तैयार हैं, जो पार्टी के अंदर प्रधानमंत्री का चुनाव करवाते हैं। राजनीतिक संकट में घिरे ब्रिटेन ने 2016 में यूरोपीय संघ छोड़ने के लिए मतदान करने के बाद से अब तक तीन प्रधानमंत्रियों को बदला है और अगर लिज ट्रस को भी हटा दिया जाता है, तो वो चौथी प्रधानमंत्री होंगी, जिन्हें प्रधानमंत्री की कुर्सी छोड़ना होगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि, पार्टी सांसद ब्रैडी से ट्रस को यह बताने का आग्रह करेंगे कि, "उनका समय समाप्त हो गया है" या राजनीतिक दल के नियमों को बदलने के लिए फौरन नियमों में संशोधन किए जाएं। आपको बता दें कि, कंजर्वेटिव पार्टी के अपने संविधान के मुताबिक प्रधानमंत्री को एक साल से पहले नहीं हटाया जा सकता है और लिज ट्रस के कार्यकाल का ये दूसरा ही महीना है।

ब्रिटेन की राजनीति में उथल-पुथल
रिपोर्ट में कहा गया है कि, ग्राहम इस कदम का विरोध कर रहे हैं और वो सांसदों को ये तर्क दे रहे हैं, कि नव नियुक्त वित्तमंत्री जेरेमी हंट को 31 अक्टूबर को एक बजट में आर्थिक रणनीति निर्धारित करने का मौका दिया जाए। आपको बता दें कि, पिछले हफ्ते लिज ट्रस ने वित्तमंत्री को पद से बर्खास्त कर दिया था। वहीं, द टाइम्स ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है, कि कुछ सांसदों ने ट्रस को एक नए नेता के साथ बदलने पर गुप्त चर्चा की है। हालांकि, प्रधानमंत्री आवास डाउनिंग स्ट्रीट ने चेतावनी देते हुए कहा है, कि अगर नेतृत्व परिवर्तन किया जाता है, तो फिर देश में आम चुनाव ही करवाने पड़ेंगे। आपको बता दें कि, प्रधानमंत्री लिज ट्रस, जिन्होंने पिछले महीने टैक्स में कटौती का वादा करके कंजर्वेटिव पार्टी का नेतृत्व जीता था, उन्होंने पीएम बनने के बाद चेतावनियों के बाद भी टैक्स में कटौती कर दिया था, लेकिन उसके बाद ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था बुरी तरह से लड़खड़ा गई और लिज ट्रस को अपना फैसला वापस लेना पड़ा। लिहाजा, अब लिज ट्रस अपने राजनीतिक अस्तित्व के लिए लड़ रही है।

क्या ऋषि सुनक हैं पर्दे के पीछे खिलाड़ी?
Vपिछले हफ्ते ऐसा भी दावा किया गया था, कि ब्रिटेन की कंजर्वेटिव पार्टी के बागी नेता लिज ट्रस को पार्टी के नेता और प्रधानमंत्री के रूप में हटाने की योजना बना रहे हैं और इसमें प्रतिद्वंद्वी ऋषि सुनक के खेमे के लोग इसमें शामिल हैं। ऋषि सुनक पर्दे के पीछे रहकर बड़ा खेल कर रहे हैं। उन्होंने सार्वजनिक बयानों से भी किनारा कर रखा है। सुनक ने आखिरी ट्वीट 8 सितंबर को किया था जो कि रानी एलिजाबेथ के निधन से संबंधित था। ऐसा माना जा रहा है कि सुनक समर्थकों के साथ रणनीति में जुटे हैं।

डॉलर के मुकाबले पाउंड को झटका
इससे पहले लिज ट्रस की सरकार ने 23 सितंबर को एक राहत पैकेज की घोषणा की थी, जिसमें 45 अरब पौंड की टैक्स कटौतियां शामिल थीं। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, कंजरवेटिव पार्टी की टैक्स में कटौती और खर्च को बढ़ावा देने की योजना सामने आने के बाद अमेरिकी डॉलर के मुकाबले ब्रिटिश पाउंड में तेज गिरावट हुई थी और डॉलर के मुकाबले पाउंड में अपने सबसे न्यूनतम स्तर 1.0327 पर पहुंच गया था। ब्रिटिश पाउंड का स्तर 1980 के दशक की शुरुआत में देखे गए स्तरों के बराबर है। पाउंड के ऐतिहासिक निम्न स्तर पर गिरने से बाजार में अराजकता फैल गयी, जिससे गवर्निंग कंजर्वेटिव पार्टी के भीतर विद्रोह हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications