BRICS Summit 2024 BIG Updates: आतंकवाद पर डबल स्टैंडर्ड के लिए जगह नहीं, PM मोदी का एक साथ कनाडा-चीन पर निशाना
BRICS Summit 2024 UPDATES: रूसी शहर कजान में ब्रिक्स देशों की बैठक चल रही है, जिसमें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है, कि 30 से ज्यादा देशों ने कजान एक्सपो सेंटर में शिखर सम्मेलन के पूर्ण सत्र में अपने संबोधन के दौरान ब्रिक्स में शामिल होने में दिलचस्पी जताई है।
ग्लोबल लीडर्स से बात करते हुए पुतिन ने इस बात पर जोर दिया, कि समूह अपने संभावित विस्तार पर विचार-विमर्श करेगा। रूसी राष्ट्रपति के संबोधन को सुनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग शिखर सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय बैठक करने वाले हैं, जो पांच वर्षों में उनकी पहली बैठक होगी।

विभाजनकारी नहीं, सार्वजनिक हित वाला समूह है ब्रिक्स- पीएम मोदी
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बहुपक्षीय शिखर सम्मेलन के दौरान कहा, "हमें दुनिया को यह संदेश देना चाहिए, कि ब्रिक्स विभाजनकारी नहीं बल्कि जनहित समूह है।" उन्होंने कहा, कि "भारत ब्रिक्स भागीदार देश के रूप में नए देशों का स्वागत करने के लिए तैयार है। इस संबंध में सभी निर्णय सर्वसम्मति से किए जाने चाहिए और ब्रिक्स के संस्थापक सदस्यों के विचारों का सम्मान किया जाना चाहिए। जोहान्सबर्ग शिखर सम्मेलन में हमने जो मार्गदर्शक सिद्धांत, मानक, मानदंड और प्रक्रियाएं अपनाईं, उनका सभी सदस्य और भागीदार देशों द्वारा पालन किया जाना चाहिए... हमें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद, बहुपक्षीय विकास बैंक, विश्व व्यापार संगठन जैसी वैश्विक संस्थाओं में सुधार के लिए समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ना चाहिए। ब्रिक्स के प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए हमें यह ध्यान रखना चाहिए, कि इस संगठन की छवि ऐसी न बने कि हम वैश्विक संस्थाओं में सुधार नहीं करना चाहते बल्कि उन्हें बदलना चाहते हैं..."
आतंकवाद पर डबल स्टैंडर्ड के लिए जगह नहीं-मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हमारी यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब दुनिया युद्ध, संघर्ष, आर्थिक अनिश्चितता, जलवायु परिवर्तन, आतंकवाद जैसी कई चुनौतियों से घिरी हुई है। दुनिया में उत्तर-दक्षिण और पूर्व-पश्चिम विभाजन की बात हो रही है...और, तकनीक के युग में साइबर सुरक्षा, डीप फेक, दुष्प्रचार जैसी नई चुनौतियां सामने आई हैं। ऐसे में ब्रिक्स से बहुत उम्मीदें हैं। मेरा मानना है कि एक विविध और समावेशी मंच के रूप में ब्रिक्स सभी मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभा सकता है। इस संदर्भ में हमारा दृष्टिकोण जन-केंद्रित रहना चाहिए। हमें दुनिया को यह संदेश देना चाहिए कि ब्रिक्स विभाजनकारी नहीं बल्कि जनहित समूह है।"
पीएम मोदी ने कहा, "आतंकवाद और आतंकवाद के वित्तपोषण से निपटने के लिए हम सभी को एकजुट होना होगा और मजबूती से सहयोग करना होगा। ऐसे गंभीर मुद्दे पर 'डबल स्टैंडर्ड' के लिए कोई जगह नहीं है। हमें अपने देशों के युवाओं में कट्टरपंथ को रोकने के लिए सक्रिय कदम उठाने चाहिए। हमें संयुक्त राष्ट्र में अंतर्राष्ट्रीय आतंकवाद पर व्यापक सम्मेलन के लंबित मुद्दे पर मिलकर काम करना होगा।"
पुतिन ने सम्मेलन में क्या कहा?
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को समूह की एक बैठक को संबोधित करते हुए कहा, कि ब्रिक्स बैठक में इसके विस्तार पर चर्चा की जाएगी, लेकिन किसी भी विस्तार में संतुलन बनाना महत्वपूर्ण है। रूसी शहर कज़ान में कज़ान एक्सपो सेंटर में आयोजित सत्र के दौरान पुतिन ने कहा, "30 से ज्यादा देशों ने ब्रिक्स में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की है।" पुतिन ने कहा, "ब्रिक्स के साथ संपर्क मजबूत करने में वैश्विक दक्षिण और पूर्व के देशों की अभूतपूर्व रुचि को नजरअंदाज करना गलत होगा।" उन्होंने कहा, "साथ ही, संतुलन बनाए रखना और ब्रिक्स की प्रभावशीलता में कमी को रोकना आवश्यक है।"
रूस इस साल ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है, जिसकी अध्यक्षता बारी-बारी से होती है। BRIC का संक्षिप्त नाम 2001 में तत्कालीन गोल्डमैन सैक्स के मुख्य अर्थशास्त्री जिम ओ'नील ने एक शोध पत्र में गढ़ा था, जिसमें इस सदी में ब्राजील, रूस, भारत और चीन की विशाल विकास क्षमता को रेखांकित किया गया था। रूस, भारत और चीन ने इस समूह के जरिए ज्यादा औपचारिक रूप से मिलना शुरू किया और आखिर में ब्राजील और फिर दक्षिण अफ्रीका को भी इसमें शामिल किया गया। इस वर्ष मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात भी इसमें शामिल हुए हैं।
ब्रिक्स के सदस्य देशों का फोटो सेशन। रूस के कज़ान शहर में 2024 के ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में विश्व के नेता पारिवारिक फ़ोटो के लिए पोज देते हुए। विदेश मंत्रालय ने लिखा, "एक समावेशी और बहुध्रुवीय दुनिया के लिए मज़बूत और एकजुट। ब्रिक्स के लिए एक ऐतिहासिक क्षण, ब्रिक्स नेता XVI ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में विस्तारित ब्रिक्स परिवार की पहली फोटो लेते हैं।"
ब्रिक्स नेताओं ने विस्तारित समूह की पहली ऐतिहासिक तस्वीर खींची। पिछले साल, पांच सदस्यीय ब्रिक्स का विस्तार करके छह नए सदस्यों को शामिल किया गया, सऊदी अरब, ईरान, यूएई, मिस्र, इथियोपिया और अर्जेंटीना। यह पहली बार है जब ईरान और यूएई के नेताओं सहित नए सदस्य ब्रिक्स परिवार की तस्वीर के लिए एक साथ आए हैं।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान कज़ान एक्सपो सेंटर में ग्रुप फोटो के बाद बातचीत करते नजर आए।
(Developing Story)












Click it and Unblock the Notifications