Explainer: BRICS में रूस का मास्टरस्ट्रोक, अमेरिका के अहंकार को तोड़ेगी मोदी-पुतिन-जिनपिंग की ये तस्वीर?
BRICS Summit 2024: रूसी शहर कजान में चल रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान इस ग्रुप का विस्तार हो सकता है और ऐसी रिपोर्ट है, कि चार से पांच नये देशों को इसमें शामिल किया जा सकता है। हालांकि, पहले ऐसी रिपोर्ट थी, कि इस संगठन में करीब 15 देशों को शामिल किया जा सकता है।
ब्राजील, रूस, भारत, चीन इस ग्रुप के संस्थापक सदस्य था और उस वक्त इसका नाम BRIC था, लेकिन 2010 में इसमें दक्षिण अफ्रीका को शामिल किया गया, जिसके बाद इसका नाम BRICS हो गया। इस ब्लॉक की स्थापना 2009 में एक अनौपचारिक क्लब के रूप में की गई थी, ताकि इसके सदस्यों को संयुक्त राज्य अमेरिका और उसके पश्चिमी सहयोगियों के वर्चस्व वाली विश्व व्यवस्था को चुनौती देने के लिए एक मंच प्रदान किया जा सके।

इसके निर्माण की पहल रूस ने की थी।
यह समूह संयुक्त राष्ट्र, विश्व बैंक या पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन (OPEC) जैसा कोई औपचारिक बहुपक्षीय संगठन नहीं है। इसके सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष और सरकार के प्रमुख सालाना बैठक करते हैं और प्रत्येक देश एक साल के लिए समूह की अध्यक्षता करता है। यह अब लगभग 3.5 अरब लोगों का प्रतिनिधित्व करता है, जो दुनिया की आबादी का 45 प्रतिशत है।
इसकी संयुक्त अर्थव्यवस्थाओं का मूल्य 28.5 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा है, जो वैश्विक अर्थव्यवस्था का लगभग एक तिहाई है।
लेकिन हाल ही में कौन से देश इसमें शामिल हुए हैं? कौन से देश अभी शामिल होना चाहते हैं और क्यों? और पश्चिम के लिए विस्तार का क्या मतलब है? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कजान में 16वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के साथ, आइए इस पर करीब से नजर डालते हैं, कि ब्रिक्स किस तरह विस्तार कर रहा है।
हाल ही में कौन से देश इसमें शामिल हुए?
2023 में ब्रिक्स ने छह देशों - अर्जेंटीना, मिस्र, ईरान, इथियोपिया, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात को ब्लॉक का नया सदस्य बनने के लिए आमंत्रित किया। अगस्त में जोहान्सबर्ग में एक शिखर सम्मेलन के दौरान औपचारिक निमंत्रण दिया गया था। जबकि सभी ब्रिक्स सदस्यों ने सार्वजनिक रूप से ब्लॉक को बढ़ाने के लिए समर्थन व्यक्त किया था, नेताओं के बीच इस बात को लेकर मतभेद थे, कि कितना और कितनी जल्दी।
उस समय सदस्यों ने कहा था, कि यह कदम उस ग्लोबल ऑर्डर को फिर से संगठित करने में मदद करेगा जिसे वे पुराना मानते हैं। जनवरी में, इनमें से पांच देशों - मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात - ने कहा कि वे ब्रिक्स ब्लॉक में शामिल हो रहे हैं।
अर्जेंटीना ने शामिल होने के निमंत्रण को अस्वीकार कर दिया था। और माना जाता था, कि ऐसा अमेरिका की वजह से किया गया था।
अल जजीरा के अनुसार, अर्जेटीना में जब जेवियर माइली राष्ट्रपति बने, तो उन्होंने ब्रिक्स में शामिल होने से मना कर दिया था। माइली ने पश्चिमी देशों के साथ संबंध बढ़ाने की कसम खाई है। हालांकि, बाद में सऊदी अरब ने कहा, कि वह अभी समूह में शामिल नहीं हो रहा है और उसे शामिल होना चाहिए या नहीं, वो इसपर विचार कर रहा है।
हालांकि, मिस्र, ईरान, इथियोपिया और यूएई इस समूह में शामिल हो गए।

कौन-कौन से देश अभी इसमें शामिल होना चाहते हैं और क्यों?
दर्जनों देशों ने समूह में शामिल होने में दिलचस्पी दिखाई है।
अल्जीरिया, बोलीविया, क्यूबा, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, तुर्की, कोमोरोस, गैबॉन, कजाकिस्तान, वियतनाम, थाईलैंड और मलेशिया सभी ने फोरम में शामिल होने में रुचि दिखाई है।
नाटो के सदस्य तुर्की ने सितंबर में ब्रिक्स में शामिल होने का औपचारिक अनुरोध किया था।
ब्लूमबर्ग के अनुसार, तुर्की इस समूह का हिस्सा बनना चाहता है, क्योंकि वह अपने वैश्विक प्रभाव को बढ़ाना चाहता है।
जियोपॉलिटिकल एक्सपर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन का प्रशासन पश्चिम के आगे भी अपने सहयोगियों का विस्तार करना चाहते हैं। अर्दोआन की सरकार का मानना है कि भू-राजनीति का केंद्र विकसित अर्थव्यवस्थाओं से दूर जा रहा है। तुर्की रूस और चीन के साथ अपने आर्थिक संबंधों को बेहतर बनाने पर भी नजर रख रहा है।
तुर्की के इस फैसले का मतलब है, कि उसे लगता है, कि आने वाले वक्त में नाटो में उसकी सदस्यता खतरे में पड़ सकती है। हालांकि वो पहले रूस को संदेह से देखता था और अमेरिका का सहयोगी रहा है। तुर्की लंबे समये से यूरोपीय संघ में शामिल होने की कोशिश करता रहा है, लेकिन कई वजहों से उसे निराशा का सामना करना पड़ा है, लिहाजा वो ब्रिक्स के लिए बोली लगा रहा है।
अल जजीरा के मुताबिक, थाईलैंड ने कहा कि वह जून में रूस में आयोजित विकासशील देशों के साथ ब्रिक्स वार्ता के दौरान समूह में शामिल होने में दिलचस्पी रखता है। मलेशिया ने भी चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग की यात्रा से पहले सदस्य बनने में रुचि दिखाई थी।
नई दिल्ली में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में इंडो-पैसिफिक स्टडीज के सेंटर के एसोसिएट प्रोफेसर राहुल मिश्रा ने डीडब्ल्यू को बताया कि ब्लॉक "मलेशिया की डिजिटल अर्थव्यवस्था को तेजी से बढ़ने में मदद कर सकता है, क्योंकि इससे मलेशिया को मजबूत डिजिटल बाजारों वाले देशों के साथ एकीकृत होने और अन्य सदस्यों की सर्वोत्तम प्रथाओं का लाभ उठाने की अनुमति मिलेगी।"
मिश्रा ने कहा, "थाईलैंड सेवाओं, विनिर्माण और कृषि सहित महत्वपूर्ण उद्योगों में भी निवेश आकर्षित करने में सक्षम होगा।"
वहीं, बोलीविया के राष्ट्रपति लुइस आर्से ने ब्रिक्स सदस्यता में रुचि व्यक्त की है।
उनकी सरकार ने कहा है, कि वह विदेशी व्यापार के लिए अमेरिकी डॉलर पर निर्भरता को कम करने के लिए दृढ़ संकल्प है, इसके बजाय वह अमेरिकी मुद्रा पर निर्भरता कम करने के ब्रिक्स नेताओं के घोषित उद्देश्य के मुताबिक चीनी युआन की ओर रुख कर रही है।
अल्जीरिया ने पिछले जुलाई में ब्रिक्स सदस्यता के लिए आवेदन किया था और तथाकथित ब्रिक्स बैंक, न्यू डेवलपमेंट बैंक में शेयरधारक बनने के लिए आवेदन किया था। उत्तरी अफ्रीकी राष्ट्र तेल और गैस संसाधनों से समृद्ध है और अपनी अर्थव्यवस्था में विविधता लाने और चीन और अन्य देशों के साथ साझेदारी को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।
देशों को उम्मीद है, कि यह ब्लॉक वैश्विक खेल के मैदान को समतल कर सकता है। अधिकांश राष्ट्र ब्रिक्स को पारंपरिक पश्चिमी शक्तियों के वर्चस्व वाले वैश्विक निकायों के विकल्प के रूप में देखते हैं और उम्मीद करते हैं, कि ब्रिक्स की सदस्यता मिलने से वित्तीय विकास के साथ साथ व्यापार के नये अवसर खुलेंगे और नये निवेश के रास्ते अनलॉक हो सकते हैं।

पश्चिम के लिए ब्रिक्स के विस्तार का क्या है मतलब?
विशेषज्ञों का कहना है, कि ब्रिक्स में शामिल होने के इच्छुक देशों की बढ़ती संख्या दर्शाती है, कि वे अपनी वित्तीय स्वतंत्रता चाहते हैं, जिससे अमेरिका की तरफ से बनाया गया ग्लोबल ऑर्डर कमजोर हो सकती है।
अल जजीरा के अनुसार, तुर्की की विदेश नीति विशेषज्ञ असली आयडिनटसबास ने ब्रूकिंग्स इंस्टीट्यूट को बताया, "गाजा में युद्ध के बाद, रूस और चीन ने इस पश्चिम विरोधी भावना को काफी अच्छे तरीके से भुनाया है और दुनिया के न्यूट्रल या पश्चिम को शक की निगाह से देखने वाले देशों को ये संदेश दिया है, कि पश्चिम डबल स्टैंडर्ड करता है और प्रतिबंधों का इस्तेमाल आर्थिक दबाव बनाने के लिए करता है।"
उन्होंने कहा, कि "इसका मतलब यह नहीं है कि मध्यम शक्तियां, चीन के लिए अमेरिकी प्रभुत्व से हटना चाहती हैं, लेकिन इसका मतलब है कि वे अधिक विखंडित और स्वायत्त दुनिया के लिए रूस और चीन के साथ गठबंधन करने के लिए तैयार हैं।"
अल जजीरा के अनुसार, ब्रिक्स सदस्य और उनके सहयोगी स्पष्ट रूप से अमेरिकी डॉलर और यूरोप के सोसाइटी फॉर वर्ल्डवाइड इंटरबैंक फाइनेंशियल टेलीकम्युनिकेशन (SWIFT) नेटवर्क पर अपनी निर्भरता कम करना चाहते हैं।
सीएफआर.ओआरजी के अनुसार, पश्चिमी देशों ने अब तक इस ब्लॉक को एक खतरे के रूप में देखा है।
व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने कहा है, कि ब्रिक्स कोई भू-राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी नहीं है, जबकि ट्रेजरी सचिव जेनेट येलेन ने रूस और चीन की डी-डॉलराइजेशन रणनीति को कमतर आंका है।
लेकिन कुछ लोगों का तर्क है कि पश्चिम को कुछ गंभीर आत्मनिरीक्षण करने की आवश्यकता है।
जर्मन इंस्टीट्यूट फॉर इंटरनेशनल एंड सिक्योरिटी अफेयर्स के वरिष्ठ फेलो गुंथर मैहोल्ड ने सीएफआर.ओआरजी के हवाले से कहा, "यह आरोप, कि पश्चिम ग्लोबल साउथ की जरूरतों के प्रति अहंकारी है, गंभीर है। इसका उत्तर 'मूल्य-आधारित भागीदारी' और 'नियम-आधारित' बहुपक्षवाद की पेशकश करके नहीं दिया जा सकता है, जब ब्रिक्स का हित वैश्विक वित्त, व्यापार और अन्य मानक-निर्धारण प्रक्रियाओं में उन नियमों को बदलने पर केंद्रित है।"
टफ्ट्स विश्वविद्यालय के विद्वानों ने 2023 में लिखा था, "ब्रिक्स को एक प्रमुख नीतिगत शक्ति के रूप में नजरअंदाज करना - जो कि अमेरिका अतीत में करता रहा है - अब कोई विकल्प नहीं है।"
यह देखना अभी बाकी है कि अमेरिका के नेतृत्व वाला पश्चिमी देश इस पर क्या प्रतिक्रिया देगा।












Click it and Unblock the Notifications