4 डॉलर में कॉफी मिली तो नाराज हो गईं अरबपति वॉरेन बफेट की पत्नी, कहा-इतने में तो आधा किलो खरीद लूं
दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में शामिल अरबपति निवेशक वॉरेन बफेट की पत्नी एस्ट्रिड बफेड हाल ही में एक स्टाफ संग पैसे के लिए नाराज होती नजर आईं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका के इडाहो में सन वैली रिसॉर्ट में आयोजित एलन एंड कंपनी के वार्षिक कार्यक्रम के दौरान एस्ट्रिड बफेड 4 डॉलर यानी कि लगभग 300 रुपये में कॉफी बेचे जाने पर नाराज हो गईं।

एस्ट्रिड ने कॉफी बेचने वाले स्टाफ से इसकी शिकायत की। 77 वर्षीय एस्ट्रिड ने कहा कि इतने डॉलर में कोई कैसे कॉफी बेच सकता है। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार मिसेज बफेट ने बड़बड़ाते हुए कहा कि वह इतनी कीमत पर 1 पाउंड कॉफी खरीद सकती थीं।
वॉरेन बफेट कौन हैं?
92 वर्षीय वॉरेन बफेट अब तक के सबसे सफल निवेशकों में से एक हैं। फोर्ब्स के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति करीब 114 अरब डॉलर है और वह दुनिया के सातवें सबसे रईस शख्स हैं।
वॉरेन बफेट अमेरिकी कंपनी बार्कशायर हाथवे के सीईओ हैं। इनके दर्जनों व्यवसायों में जिको कार बीमा, बीएनएसएफ रेलमार्ग और डेयरी क्वीन और फ्रूट ऑफ द लूम आदि शामिल हैं। वॉरेन बफेट दान देने के लिए भी जाने जाते हैं।
साल 2010 में वॉरेन बफेट ने अपनी संपत्ति का 99 फीसदी हिस्सा परोपकार के लिए देने का वादा किया था। अब तक वे 51 बिलियन डॉलर से अधिक रकम को दान कर चुके हैं। इनमें से अधिकांश दान उन्होंने गेट्स फाउंडेशन को किया है।
साल 2007 में उन्हें टाइम मैग्जीन द्वारा दुनिया के 100 सबसे अधिक प्रभावशाली व्यक्तियों की सूची में शामिल किया गया था। वॉरेन बफेट ने सिर्फ 11 साल की उम्र से शेयर में निवेश की शुरुआत कर दी थी। बफेट ने पहली बार साल 1942 में शेयर खरीदा था। उन्होंने सिटी सर्विस प्रीपेर्ड (CITGO) के 6 शेयर खरीदे थे।
वॉरेन बफेट भले ही इतने रईस हैं मगर उन्हें कभी भी महंगी चीजों का शौक नहीं रहा है। रिपोर्टों के अनुसार, वह ओमाहा में उसी घर में रह रहे हैं जिसे उन्होंने 1958 में 31,500 डॉलर में खरीदा था।
कुछ रिपोर्टों के मुताबिक अरबपति बफेट अभी भी कूपन जमा करते हैं। क्षतिग्रस्त कारों को छूट पर खरीदते हैं और मैकडॉनल्ड्स में अपना नाश्ता खरीदते हैं। वॉरेन बफेट की धर्मपत्नी एस्ट्रिड भी सादगी पसंद जिंदगी के लिए जानी जाती हैं। वर्षों तक डेटिंग करने के बाद, वॉरेन बफेट और एस्ट्रिड मेनक्स ने 2006 में शादी की, तब वॉरेन 76 वर्ष के थे और एस्ट्रिड 60 वर्ष की थीं।










Click it and Unblock the Notifications