नहीं रुक रही बिलावल की बदजुबानी, अब कहा- पीएम मोदी ने मुझे आखिर सही साबित कर दिया
बिलावल भुट्टो ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें सही साबित किया है क्योंकि उनकी पार्टी बीजेपी के नेताओं ने मेरे सिर पर इनाम की घोषणा की है।

Image: PTI
भारत सरकार की कड़ी आपत्ति और पाकिस्तानी दूतावास के बाहर विरोध-प्रदर्शन के बावजूद पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई अपने विवादित बयान को सही ठहराया है। बिलावल भुट्टो ने कहा कि उनकी टिप्पणी इतिहास में दर्ज है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें सही साबित किया है क्योंकि उनकी पार्टी बीजेपी के नेताओं ने मेरे सिर पर इनाम की घोषणा की है।

पीएम मोदी पर की गई टिप्पणी मेरी नहीं: बिलावल भुट्टो
ब्लूमबर्ग को दिए इंटरव्यू में बिलावल ने कहा, "मैं तो बस ऐतिहासिक तथ्य बता रहा था। मैंने पीएम मोदी पर जो टिप्पणी की, वो मेरी नहीं थी। मैंने वो शब्द नहीं गढ़े। पीएम मोदी के लिए 'गुजरात का कसाई' का इस्तेमाल मैंने नहीं बल्कि गुजरात दंगों के बाद भारत के मुसलमानों ने किया है। मुझे लगता है मैंने एक ऐतिहासिक तथ्य दोहराया लेकिन वो मानते हैं कि ऐतिहासिक तथ्य दोहराना व्यक्तिगत हमला है।"

गुजरात में मुसलमानों पर अत्याचार कर रही भाजपाः बिलावल
पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने कहा, "दो दिन पहले नरेंद्र मोदी की पार्टी एक सदस्य ने मेरे सिर पर दो करोड़ रुपये का इनाम रखा है। मुझे नहीं लगता कि ये मेरी टिप्पणी से असहमत होने का ये अतिवादी तरीका सही है।" पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने भारत के खिलाफ फिर से जहर उगलते हुए कहा कि भारत में नरेंद्र मोदी की पार्टी मुसलमानों को प्रताड़ित करती है। बिलावल ने कहा कि भारत सरकार गुजरात में मुसलमानों पर बहुत अधिक अत्याचार कर रही है।

एस जयशंकर की फटकार पर बौखलाए थे भुट्टो
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर के बयानों से बौखलाए पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने एक प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी पर अपमानजनक टिप्पणी करते हुए उन्हें 'गुजरात का कसाई' बताया था। बिलावल भुट्टो ने विवादित बयान में कहा था कि ओसामा बिन लादेन की तो मौत हो चुकी है लेकिन 'गुजरात का कसाई' अभी जिंदा है और भारत का प्रधानमंत्री है। इसके बाद भारत ने बिलावाल भुट्टो के बयान पर कड़ा एतराज जताया था और इसे असभ्य करार दिया था।

भारत ने भी बयान का किया विरोध
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने भी पाकिस्तानी विदेश मंत्री के बयान पर कहा था कि इससे पता चलता है कि भारत के खिलाफ जहर उगलने में पाकिस्तान कितने निचले स्तर तक जा सकता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा था कि पाकिस्तान को अपना गुस्सा देश के आतंकवादी संगठनों के खिलाफ इस्तेमाल करना चाहिए जिन्होंने आतंक को पाकिस्तान की नीति बना दिया है। पाकिस्तान के भी कई राजनयिकों का ऐसा मानना है कि बिलावल भुट्टो व्यक्तिगत हमले करके कूटनीति नहीं कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications