इजरायल में मंत्री बेन ग्विर ने की आपातकाल की घोषणा, PM नेतन्याहू ने कहा- हमास को कीमत चुकानी होगी
इजरायल में हमास आतंकियों का उत्पात जारी है। जवाब में इजरायली सेना ने भी गाजा में हमले तेज कर दिया है। इजरायल की बचाव सेवा ने कहा है कि हमास के हमले में कम से कम 22 लोग मारे गए हैं और 500 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
इस बीच इजरायल में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-गविर ने शनिवार को राष्ट्रीय आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी है। इजरायल के सभी शहरों में इमरजेंसी लागू हो गई है। इजरायल की राजधानी तेल अवीव सहित कई इलाकों में, सड़कें और समुद्र तट पूरी तरह से खाली हो चुके हैं।

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने फिलिस्तीनी संगठन हमास के हमलों के बाद जंग का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि हमास को इस कृत्य के लिए एक बड़ी कीमत चुकानी होगी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हमास ने दावा किया है कि उन्होंने 35 से अधिक इजरायली सैनिकों को हिरासत में लिया है, जबकि गाजा पट्टी के आसपास के सात क्षेत्रों में झड़पें जारी हैं। इस बीच ईरान और कतर ने हमास के प्रति अपना समर्थन जताया है।
कतर के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा है कि फिलिस्तीनी लोगों के साथ बढ़ती हिंसा के लिए केवल इजरायल ही जिम्मेदार है। वहीं ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के सलाहकार ने इजरायल पर फिलिस्तीनी हमले का समर्थन किया है।
आईएसएनए समाचार एजेंसी ने रहीम सफवी के हवाले से कहा, "हम फिलिस्तीनी लड़ाकों को बधाई देते हैं।" उन्होंने कहा, "फिलिस्तीन और यरुशलम की आजादी तक हम फिलिस्तीनी लड़ाकों के साथ खड़े रहेंगे।"
हमास ने इस ऑपरेशन को 'अल-अक्सा फ्लड' नाम दिया है। वहीं इजराइल की सेना ने हमास के खिलाफ 'ऑपरेशन आयरन स्वॉर्ड' शुरू कर दिया है। हमास के सैन्य कमांडर मोहम्मद दीफ ने कहा- ये हमला येरूशलम में अल-अक्सा मस्जिद को इजराइल की तरफ से अपवित्र करने का बदला है। सेना हमास के ठिकानों पर हमले कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications