बांग्लादेश: PM मोदी ने मां काली के लिए जो मुकुट किया था भेंट, नवरात्रि में हुआ चोरी, भारत सरकार ने की ये मांग
Jeshoreshwari Kali Temple: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2021 में बांग्लादेश के प्रसिद्ध जेशोरेश्वरी काली मंदिर को उपहार में दिया गया देवी काली का मुकुट चोरी हो गया है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है। सोने की परत चढ़ा चांदी का मुकुट गुरुवार (10 अक्टूबर) को नवरात्री के सांतवें दिन चोरी हुआ है।
भारतीय दूतावास ने शुक्रवार (11 अक्टूबर) को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 2021 में बांग्लादेश के जेशोरेश्वरी काली मंदिर को उपहार में दिए गए मुकुट की चोरी की खबरों पर गहरी चिंता जताई और बांग्लादेश सरकार से मामले की जांच करने की मांग की है।

ये भी पढे़ं- बांग्लादेश में हिंदुओं से हिंसा पर पहली बार बोला अमेरिका, दुर्गा पूजा पर मुस्लिमों की धमकी पर तोड़ी चुप्पी
भारतीय दूतावास ने जांच की मांग की
सोशल मीडिया एक्स पोस्ट में भारतीय दूतावास ने कहा, "हम गहरी चिंता व्यक्त करते हैं और बांग्लादेश सरकार से चोरी की जांच करने, मुकुट को बरामद करने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुजारिश करते हैं।''
बांग्लादेशी अखबार द डेली स्टार के मुताबिक देवी काली का मुकुट गुरुवार (10 अक्टूबर) दोपहर 2:00 बजे से 2:30 बजे के बीच चोरी हुआ था। जिसका वीडियो भी सामने आया है।
द डेली स्टार के अनुसार, मंदिर के पुजारी दिलीप मुखर्जी के पूजा-अर्चना के बाद चले जाने के तुरंत बाद मुकुट चोरी हो गया और सफाई कर्मचारी ने पाया कि काली माता के मूर्ति के सिर से मुकुट गायब है। चोरी हुआ मुकुट गहरा सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व रखता है, क्योंकि यह हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार 51 शक्तिपीठों में से एक माना जाने वाला मंदिर का हिस्सा है।
PM मोदी ने मार्च 2021 में मां काली का मुकुट किया था भेंट
मार्च 2021 में बांग्लादेश की अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सद्भावना के तौर पर जेशोरेश्वरी मंदिर में देवी काली को चांदी और सोने से मढ़ा हुआ मुकुट भेंट किया था। पीएम मोदी ने ये यात्रा बांग्लादेश की स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती (गोल्डन जुबली) के दौरान की थी।
जानिए बांग्लादेश के प्रसिद्ध जेशोरेश्वरी काली मंदिर के बारे में?
बांग्लादेश का प्रसिद्ध जेशोरेश्वरी काली मंदिर सतखीरा में स्थित है और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। माना जाता है कि इसका निर्माण 12वीं शताब्दी के अंत में हुआ था। यह हिंदू पौराणिक कथाओं में विभिन्न किंवदंतियों से जुड़ा हुआ है, खास तौर पर इसलिए क्योंकि यह उन स्थलों में से एक है जहां देवी सती के अंग गिरे थे। ये 51 शक्तिपीठों में से एक है।












Click it and Unblock the Notifications