PM Modi Austria Visit: 'ऑस्ट्रिया की यात्रा विशेष है', वियना पहुंचे PM मोदी का भव्य स्वागत
PM Modi Austria Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस की अपनी दो दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद मंगलवार को एक दिवसीय राजकीय यात्रा पर ऑस्ट्रिया के वियना पहुंचे। यहां पीएम मोदी का भव्य स्वागत हुआ। पीएम मोदी ने कहा कि ऑस्ट्रिया की यात्रा विशेष है।
मोदी ने एक्स पर लिखा कि वियना पहुंच गया हूं। ऑस्ट्रिया की यह यात्रा विशेष है। हमारे देश साझा मूल्यों और बेहतर ग्रह के प्रति प्रतिबद्धता से जुड़े हैं। ऑस्ट्रिया में चांसलर कार्ल नेहमर के साथ वार्ता, भारतीय समुदाय के साथ संवाद और अन्य कार्यक्रमों के लिए उत्सुक हूं।

इससे पहले दिन में उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय वार्ता की, जो उनकी यात्रा का दूसरा दिन था। गौरतलब है कि 41 साल में पहली बार किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रिया का दौरा किया है। 1983 में इंदिरा गांधी इस देश का दौरा करने वाली आखिरी प्रधानमंत्री थीं।
पीएम मोदी करेंगे ऑस्ट्रियाई राष्ट्रपति से मुलाकात
अपनी यात्रा के दौरान मोदी ऑस्ट्रियाई राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलेन से मुलाकात करेंगे और वियना में चांसलर कार्ल नेहमर के साथ भी वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री और चांसलर भारत और ऑस्ट्रिया के व्यापारिक नेताओं को भी संबोधित करेंगे।
ऑस्ट्रिया की अपनी यात्रा से पहले रविवार को मोदी ने कहा कि लोकतंत्र, स्वतंत्रता और कानून के शासन के साझा मूल्य वह आधारशिला हैं, जिस पर दोनों देश और अधिक घनिष्ठ साझेदारी का निर्माण करेंगे। उनकी यह टिप्पणी ऑस्ट्रियाई चांसलर नेहामर द्वारा 'एक्स' पर पोस्ट किए गए उस पोस्ट के एक दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने लिखा था कि मैं अगले सप्ताह वियना में दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने के लिए बहुत उत्सुक हूं।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा एक विशेष सम्मान है, क्योंकि यह 40 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा है। यह एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, क्योंकि हम भारत के साथ राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी की रूस यात्रा
इससे पहले दिन में मोदी ने रूस की अपनी दो दिवसीय हाई-प्रोफाइल यात्रा पूरी की, जहां उन्होंने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लिया। यूक्रेन पर आक्रमण के बाद यह उनकी रूस की पहली यात्रा थी।
मोदी की दो दिवसीय रूस यात्रा के दौरान, नई दिल्ली और मॉस्को ने व्यापार, जलवायु और अनुसंधान सहित कई क्षेत्रों में नौ समझौता ज्ञापनों और समझौतों पर हस्ताक्षर किए। विदेश मंत्रालय द्वारा जारी समझौतों और सहमति पत्रों की सूची के अनुसार, भारत और रूस ने 2024-2029 की अवधि के लिए रूसी सुदूर पूर्व में व्यापार, आर्थिक और निवेश क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग के लिए एक कार्यक्रम पर सहमति व्यक्त की। दोनों देशों ने रूसी संघ के आर्कटिक क्षेत्र में सहयोग के सिद्धांतों पर भी सहमति व्यक्त की। ये पहल रूस और भारत के सुदूर पूर्व क्षेत्र के बीच व्यापार और संयुक्त निवेश परियोजनाओं को बढ़ाने के लिए की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications