ये कैसा लोकतंत्र? ऑस्ट्रेलियाई रिपोर्टर को अमेरिका में मारी गोली, कैमरे में कैद पूरी घटना
Los Angeles Immigration Protests: अमेरिका के लॉस एंजेलिस में इमिग्रेशन छापेमारी के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों की रिपोर्टिंग कर रहीं ऑस्ट्रेलिया की टेलीविजन पत्रकार लॉरेन टोमासी को पुलिस की ओर से चलाई गई रबर बुलेट लग गई। नाइन न्यूज़ चैनल की इस रिपोर्टर को ये बुलेट पैर में लगी और पूरा वाकया कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।
LIVE रिपोर्टिंग के दौरान चली गोली
वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि एक पुलिस अधिकारी पत्रकार लॉरेन टोमासी और उनके कैमरा ऑपरेटर की दिशा में निशाना साधता है और फिर गोली चला देता है। गोली लगने के बाद टोमासी दर्द में चिल्लाती हैं और अपनी पिंडली पकड़ लेती हैं। तभी पास में खड़ा एक राहगीर गुस्से में पुलिस से कहता है, 'तुमने एक रिपोर्टर को गोली मार दी है' हालांकि चोट के बावजूद लॉरेन टोमासी तुरंत स्थिति संभालती हैं और राहगीर को जवाब देती हैं 'मैं ठीक हूं।' इसके बाद वह और उनका कैमरा ऑपरेटर वहां से हट जाते हैं।

नाइन न्यूज़ ने बताया कि टोमासी को 'हल्की चोट आई है लेकिन वह सुरक्षित हैं' लॉरेन टोमासी ने अब तक इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन उन्होंने एक्स पर एक अपडेट जरूर साझा किया। जिसमें उन्होंने लिखा कि, रात 8 बजे दर्जनों पुलिस वाले यहां पहुंच गए हैं। लोगों को हटाने की एक और कोशिश की जा रही है। फ्लैश बैंग ग्रेनेड्स के बाद अब आतिशबाजियां फूट रही हैं।'
ये भी पढ़ें लॉस एंजेलिस के सड़कों पर गरमाया माहौल, ट्रंप ने उतारे नेशनल गार्ड, जनता ने रोकी फ्रीवे
कौन हैं लॉरेन टोमासी?
लॉरेन टोमासी, 'नाइन न्यूज़' की अमेरिका में संवाददाता हैं और इन दिनों लॉस एंजेलिस से रिपोर्टिंग कर रही हैं। उन्होंने न्यू साउथ वेल्स यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। अपने कोर्स के दौरान उन्होंने एक साल अमेरिका के कोलोराडो में बिताया, जहां वे एक लोकल रेडियो स्टेशन में न्यूजरीडर के तौर पर काम कर चुकी हैं।
टोमासी ने अपने टेलीविजन करियर की शुरुआत न्यू साउथ वेल्स की बर्फीली वादियों में बतौर स्नो रिपोर्टर की थी। वहीं से उनका सफर शुरू हुआ और फिर उन्होंने 'नाइन न्यूज़ सिडनी' जॉइन किया। कड़ी मेहनत और शानदार रिपोर्टिंग के दम पर उन्होंने जल्द ही अमेरिका की संवाददाता बनने का मुकाम हासिल कर लिया। अब तक लॉरेन कई बड़ी और हाई-प्रोफाइल घटनाओं की ग्राउंड रिपोर्टिंग कर चुकी हैं। न्यूयॉर्क में डोनाल्ड ट्रंप के ट्रायल से लेकर ऑस्कर, ग्रैमी और गोल्डन ग्लोब जैसे ग्लैमरस इवेंट्स तक, उनका कवरेज दमदार और विश्वसनीय माना जाता है।












Click it and Unblock the Notifications