पहली बार भारत दौरे पर आएंगे ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज, PM मोदी के संग देखेंगे ये क्रिकेट मैच
ऑस्ट्रेलियाई PM एंथनी अल्बनीज के 8 मार्च के आसपास भारत आने की उम्मीद है। इस दौरान वे पीएम मोदी के साथ भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा क्रिकेट टेस्ट मैच देखने के लिए अहमदाबाद की यात्रा कर सकते हैं।

File Image: PTI
आस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज अगले महीने की शुरुआत में भारत दौरे पर आ सकते हैं। यह प्रधानमंत्री के रूप में उनकी पहली भारत यात्रा होगी। इस दौरान वे व्यापार, निवेश और महत्वपूर्ण खनिजों सहित कई क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर प्रधानमंत्री मोदी संग वार्ता कर सकते हैं। इसके साथ ही सबसे खास बात ये निकलकर आ रही है कि दोनों ही नेता एक साथ क्रिकेट मैच देखने की योजना बना रहे हैं।
8 मार्च को भारत आ सकते हैं अल्बनीज
सूत्रों के मुताबिक ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज के 8 मार्च के आसपास यात्रा शुरू करने की उम्मीद है। इस दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा क्रिकेट टेस्ट मैच देखने के लिए अहमदाबाद जा सकते हैं। आपको बता दें कि चौथा टेस्ट अहमदाबाद में 9 से 13 मार्च के बीच होना है। पिछले साल मई में प्रधानमंत्री बनने के बाद अल्बनीज की यह पहली भारत यात्रा होगी।
जयशंकर ने किया ऑस्ट्रेलिया दौरा
रिपोर्ट के मुताबिक विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा की तैयारी के लिए पिछले हफ्ते ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था। हालांकि अभी तक इस दौरे की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। हालांकि अल्बनीज ने शनिवार को जयशंकर से मुलाकात के बाद एक ट्वीट में अपनी भारत यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने ट्वीट किया, ''अगले महीने अपनी भारत यात्रा से पहले एस जयशंकर से सुबह मिलना शानदार रहा। हमने अपनी रणनीतिक साझेदारी, आर्थिक अवसरों और लोगों के आपसी संबंधों पर चर्चा की, जो हमारे देशों को समृद्ध करते हैं।''
चीन की आक्रमकता पर होगी चर्चा
पिछले कुछ वर्षों में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच संबंध प्रगाढ़ हुए हैं। भारत-ऑस्ट्रेलिया आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौता (ईसीटीए) दिसंबर में लागू हुआ था और उम्मीद है कि यह दो-तरफा व्यापार के महत्वपूर्ण विस्तार की सुविधा प्रदान करेगा। सूत्रों ने कहा कि क्षेत्र में चीनी सेना की बढ़ती आक्रामकता की पृष्ठभूमि में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग के विस्तार पर अल्बनीज की भारत यात्रा के दौरान वार्ता में चर्चा होने की संभावना है।
दोनों देशों के बीच हुआ MLSA करारा
पिछले कुछ वर्षों में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा और सुरक्षा संबंध और मजबूत हुए हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया ने अपने संबंधों को एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाया है और रसद समर्थन के लिए सैन्य ठिकानों तक पारस्परिक पहुंच के लिए एक ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके लिए दोनों देशों के बीच म्यूचुअल लॉजिस्टिक्स सपोर्ट एग्रीमेंट (MLSA) करार हुआ है जिसमें दोनों देशों की सेनाओं को समग्र रक्षा सहयोग को बढ़ाने की सुविधा के अलावा आपूर्ति की मरम्मत और पुनःपूर्ति के लिए एक-दूसरे के ठिकानों का उपयोग करने की अनुमति देता है।












Click it and Unblock the Notifications