Australia Mayor: ऑस्ट्रेलिया में 'बिहारी' समीर पांडे ने गाड़ा झंडा, मेयर पद हासिल करने वाले पहले भारतीय
समीर पांडेय 17 साल से लेबर पार्टी के सदस्य हैं। समीर पांडेय को भारतीय समुदाय के सभी तबकों में बराबर का सम्मान हासिल है। इसके साथ ही वे अन्य समुदायों में भी खासे लोकप्रिय हैं।

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में सिटी ऑफ पैरामाटा काउंसिल ने सोमवार को पार्षद समीर पांडे को मेयर के रूप में चुना है। समीर इस पद को हासिल करने वाले भारतीय मूल के पहले व्यक्ति हैं। उनका चुनाव पीएम मोदी के ऑस्ट्रेलिया की यात्रा के साथ हुआ, जो मंगलवार को समाप्त हुआ।
पैरामाटा न्यू साउथ वेल्स में सिडनी से सटा एक महत्वपूर्ण शहर है। पैरामाटा में भारतीय मूल के लोगों की संख्या काफी अधिक है और यह तेजी से बढ़ रही है। ढाई लाख से अधिक की आबादी वाले इस शहर में 11 फीसदी से भी अधिक लोग भारतीय मूल के हैं।
लेबर पार्टी के पार्षद समीर पांडेय अब तक डिप्टी लॉर्ड मेयर थे और पूर्व मेयर डोना डेविस के विधानसभा में चुने जाने के बाद खाली हुए पद पर चुने गये हैं। अपनी नई भूमिका के बारे में बात करते हुए, पांडे ने उत्साह व्यक्त किया।
समीर पांडे ने कहा, कि वे जब ऑस्ट्रेलिया आए थे, तब सपने में भी नहीं सोचा था कि वे यहां तक पहुंच पाएगे। उन्होंने कहा कि वे लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने पीएम मोदी की सिडनी यात्रा के बारे में भी बात की।
समीर पांडेय ने कहा, 'दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के निरंतर विकास होते रहे, मुझे उम्मीद है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच संबंध और आगे बढ़ेंगे। मैं अपनी भूमिका को लेकर विनम्र और उत्साहित हूं। मैं एक ऐसा शहर बनाना चाहता हूं जो टिकाऊ, स्मार्ट, समावेशी और विविधतापूर्ण हो।'
एक इंजीनियर के रूप में करीब 2 दशक पहले ऑस्ट्रेलिया पहुंचे समीर पांडेय आईटी विशेषज्ञ के साथ-साथ उद्योगपति भी हैं। वह लेबर पार्टी के सदस्य हैं और विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुके हैं, जिसमें वह बहुत मामूली अंतर से हारे थे।
समीर पांडे ने साल 2017 में पहली बार पार्षद का चुनाव जीता था। 2022 में वह दूसरी बार पार्षद बने। 2022 में ही समीर काउंसिल के डिप्टी मेयर चुने गये थे। भारत में बिहार से आने वाले पांडेय दो बच्चों के पिता हैं।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समीर पांडेय को मेयर चुने जाने के लिए वहां की जनता का धन्यवाद दिया। पीएम मोदी ने कहा, "मैं कल ही भारतीय मूल के समीर पांडेय के सिडनी में सिटी ऑफ पैरामाटा काउंसिल के मेयर चुने जाने के लिए आप सब का धन्यवाद करता हूं।"












Click it and Unblock the Notifications