पाकिस्तान में बड़ा रेल हादसा, रावलपिंडी जाने वाली हजारा एक्सप्रेस पलटी, 30 की मौत, 80 घायल
पाकिस्तान में एक बड़ी रेल दुर्घटना हुई है। रावलपिंडी से चलने वाली हजारा एक्सप्रेस के दस डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। इस हादसे में अब तक 30 लोगों की मौत की खबर है।
वहीं, कम से कम 80 लोगों के घायल होने की खबर है। मृतकों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका है क्योंकि ट्रेन में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। ये हादसा कराची से लगभग 275 किमी दूर नवाबशाह में सरहरी रेलवे स्टेशन के पास हुआ।यह स्टेशन शहजादपुर और नवाबशाह के बीच स्थित है।

रेल कैसे पटरी से उतर गई, इसकी वजह अभी तक पता नहीं चल सकी है। अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं। कुछ पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी बारिश की वजह से ट्रैक खराब हो गया था और इसी वजह से यह हादसा हुआ।
पाकिस्तानी वेबसाइट द ट्रिब्यून एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि देरी से ब्रेक लगाने के कारण अधिक बड़ी दुर्घटना हुई। रिपोर्ट के मुताबिक विमान में 1,000 से अधिक यात्री सवार थे।
फिलहाल हादसे में घायल लोगों को नवाबशाह के मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पाकिस्तानी रेलवे के डिविजनल सुपरीटेंडेंट सुकुर मोहम्मदुर रहमान के हवाले बताया है कि 10 बोगियां पटरी से उतरी हैं। पुलिस का कहना है कि प्रभावित बोगियों में से यात्रियों को निकाल लिया गया है।
नजदीकी अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। टीवी पर प्रसारित फुटेज में दिख रहा है कि बड़ी संख्या में लोग पटरी से उतरे डिब्बों के पास जमा हैं। राहत ट्रेनें कोटरी और रोहरी स्टेशनों से रवाना हो चुकी हैं और घटनास्थल की ओर जा रही हैं। साइट तक पहुंचने में कम से कम तीन घंटे लगेंगे।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि परिचालन बहाल करने में 18 घंटे तक का समय लग सकता है, जबकि पटरियों को ठीक करने में भी समय लगेगा, क्योंकि इसके लिए बोगियों को हटाने की आवश्यकता होगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ट्रेन में 17 बोगियां हैं जिनमें इकोनॉमी क्लास में 950 यात्रियों और AC कोच में 72 यात्रियों की क्षमता थी।
अधिकारी के मुताबिक 10 थाना प्रभारी, चार जिला पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) और 100 से अधिक पुलिसकर्मी बचाव कार्य में लगे हुए हैं। राहत कार्य के लिए पुलिस ट्रेनिंग सेंटर से भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद हैं।












Click it and Unblock the Notifications