रूस ने ब्रिटेन में फैलाया जासूसों का जाल, वेटर, ड्राइवर, टीचर... सैकड़ों जासूस कर रहे पुतिन के लिए काम
लगभग 1 हजार रूसी जासूस ब्रिटेन में हैं और पुतिन के लिए काम कर रहे हैं। ये खुलासा एक नई रिपोर्ट में हुआ है। नए खुफिया विश्लेषण में कहा गया है कि रूसी जासूस सामान्य व्यवहार करते हैं, ताकि किसी को उन पर शक न हो।
ब्रिटेन में रूस के कम से कम 1000 जासूस गुप्त रूप से रह रहे हैं। द मिरर में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक ये सभी जासूस सामान्य व्यवहार करते हैं ताकि किसी को उनपर शक न हो। रिपोर्ट के मुताबिक ये सभी जासूस ब्रिटिश स्कूलों में शिक्षकों से लेकर नर्सों और टैक्सी ड्राइवर जैसे रोजमर्रा के कामों में लगे हुए हैं। इसके साथ यह भी दावा किया गया है कि कुछ जासूसों ने ब्रिटिश सरकार में शीर्ष स्तर पर भी घुसपैठ करने में सफलता हासिल कर ली है।
Image- PTI

हर फील्ड में फैले हैं रूसी जासूस
द मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक ये सभी जासूस रूस की विदेशी खुफिया एजेंसी SVR को रिपोर्ट करते हैं। द मिरर के सूत्र ने कहा, "रूसी जासूसों में छात्र, ट्रेड यूनियन, विरोध समूह, शिक्षक, उबेर ड्राइवर के साथ-साथ राजनेता, सिविल सेवा और पुलिस अधिकारी तक शामिल हैं, किसी को भी यह नहीं सोचना चाहिए कि वे हमारी रक्षा के लिए काम कर रहे हैं।"

पहले भी लगते रहे हैं आरोप
ऐसा माना जा रहा है कि हाल के सालों में लंदन स्थित रूसी दूतावास में काम करने वाले जासूसों की संख्या में कमी आई है, लेकिन यूक्रेन-रूस जंग के बाद से ब्रिटेन में रूसी सरकार के लिए गुप्त रूप से काम करने वाले संदिग्ध लोगों की संख्या बढ़ी है। यह पहली बार नहीं है जब, ब्रिटेन में रूसी जासूसों को लेकर दावे किए जा रहे हैं। इससे पहले भी अतीत में रूस के लिए जासूसी करने वाले कई हाई-प्रोफाइल शख्सियतों के साथ इस तरह के दावे किए जा चुके हैं।

ब्रिटेन में रह रहे 73 हजार रूसी
आज ब्रिटेन में पहले से कहीं अधिक रूसी रह रहे हैं। ऐसा अनुमान है कि देश में लगभग 73,000 रुसी रह रहे हैं। इसमें से कई स्लीपर या सक्रिय जासूस हो सकते हैं। हालांकि यह केवल रूसी नहीं हैं जो जासूसी नेटवर्क का हिस्सा हो सकते हैं। यूके लोगों के साथ-साथ अन्य राष्ट्रीयताओं के नागरिक भी रूस के प्रति सहानुभूति रखने वाले हैं। यह दावा 58 वर्षीय सुरक्षा गार्ड डेविड स्मिथ की गिरफ्तारी के बाद और तेज हो गया है। डेविड स्मिथ ब्रिटिश नागरिक है, जिसे रूस के लिए जासूसी करने का दोषी पाया।

रूस के लिए जासूसी करता था ब्रिटिश नागरिक ?
जर्मनी में ब्रिटिश दूतावास में कार्यरत एक 58 वर्षीय गार्ड डेविड स्मिथ को रूस के साथ गुप्त सूचनाएं साझा करने का दोषी पाया गया है। डेविड ब्रिटिश नागरिक है मगर वह अपने ही देश के प्रति तीव्र घृणा रखता है। दोषी पाए जाने पर उसे 14 साल की जेल हो सकती है। ऐसा माना जा रहा है रूस के लिए काम करने वाले जासूस कई सुरक्षित जगहों पर भी तैनात हैं। इसमें परमाणु ऊर्जा स्टेशन, वायु सेना और नौसेना के ठिकाने भी शामिल हैं। हाल ही में खबर आई थी कि पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री लिज ट्रस का मोबाइल रूस ने हैक कर लिया था।

ब्रिटिश अधिकारी ने लोगों को सतर्क किया
पूर्व सैन्य खुफिया अधिकारी कर्नल फिलिप इनग्राम का मानना है कि खतरा बहुत वास्तविक है और ब्रिटेन में एक हजार से अधिक जासूस सक्रिय हो सकते हैं। कई स्कैंडिनेवियाई देशों ने संवेदनशील प्रतिष्ठानों की तस्वीरें लेने और फिर रूस में सीमा पार करने की कोशिश करने वाले कई लोगों की गिरफ्तारी के बाद इसी तरह के दावे किए हैं। हालांकि फिलिप इनग्राम ने कहा कि किसी को घबराना नहीं चाहिए। लोगों को अपने पड़ोसियों और सहकर्मियों पर अविश्वास नहीं करना चाहिए और न ही निराधार आरोप लगाना चाहिए। लेकिन यह बिल्कुल संभव है कि यूके में आपका पड़ोसी या सहयोगी रूसी जासूस हो, लेकिन आपका सतर्क रहना बेहद जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications