भारत में झुलसाती गर्मी के बीच यहां -5 डिग्री तक ठंड और बर्फबारी, जारी हुआ 'महा-खतरे का अलर्ट'
इस समय एक देश ऐसा भी है, जहां मौसम विभाग ने भारी बर्फबारी के चलते दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने की चेतावनी जारी की है।
लंदन, 31 मार्च: भारत के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में मार्च के महीने में ही मई-जून जैसी गर्मी लोगों को झुलसा रही है और मौसम विभाग ने अपनी भविष्यवाणी में कहा है कि अगले कुछ दिन गर्मी और लू के हालात से राहत मिलने वाली नहीं है। वहीं, इस समय एक देश ऐसा भी है, जहां हालात पूरी तरह विपरीत हैं और मौसम विभाग ने भारी बर्फबारी के चलते दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने की चेतावनी जारी की है। दरअसल, ब्रिटेन के मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि लोग बाहर निकलते वक्त जितना हो सके, एहतियात बरतें, क्योंकि सर्द मौसम और बर्फबारी के रूप में पड़ने वाली 'कुदरती आफत' की वजह से फुटपाथ और सड़कों पर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।

बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी
आपको बता दें कि ब्रिटेन में इससे पहले ही 31 मार्च और 1 अप्रैल के लिए भारी बर्फबारी और माइनस 5 डिग्री तक तापमान गिरने की चेतावनी जारी हो चुकी है। इसके अलावा मौसम विभाग ने शेटलैंड द्वीपसमूह से यॉर्कशायर तक उत्तर-पूर्वी तटीय इलाकों में बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है। अलर्ट में कहा गया है कि बर्फबारी और ओले गिरने की वजह से सड़कें बर्फीली सतहों में तब्दील हो सकती है, जिसके चलते यातायात व्यवस्था जाम होने की भी आशंका है।

स्थानीय सड़कों और फुटपाथ पर दुर्घटना का खतरा
इसके साथ ही ब्रिटेन की नेशनल मौसम एजेंसी ने चेतावनी दी है कि लोकल सड़कों, फुटपाथ और साइकिल ट्रैक पर बर्फ जमने की वजह से दुर्घटना होने या चोट लगने जैसे खतरे भी बढ़ सकते हैं। मौसम विभाग ने WX चार्ट के जरिए नक्शे में साफ तौर पर बताया है कि दोपहर के आसपास स्कॉटिश हाइलैंड्स (पर्वतीय इलाकों) और इंग्लैंड के उत्तरी हिस्सों में एक से तीन इंच तक बर्फ सहित, देशभर में भारी बर्फबारी के आसार हैं।

तापमान -5 डिग्री सेल्सियस तक गिरने के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, स्कॉटलैंड, वेल्स और इंग्लैंड के उत्तरी हिस्सों में तापमान शून्य से नीचे, -5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके अलावा शनिवार और रविवार को दक्षिणी हिस्सों में बर्फबारी होने के आसार बन रहे हैं। हालांकि, अगले हफ्ते की शुरुआत में इस बात की पूरी संभावना है कि तापमान धीरे-धीरे औसत स्तर के करीब हो जाएगा। फिलहाल ब्रिटेन के मौसम विभाग ने लोगों को बाहर निकलते वक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।












Click it and Unblock the Notifications