G-7 समिट में भारत पर बरसे ट्रंप, कहा- ऐसे देशों के साथ व्यापार करने का कोई फायदा नहीं
नई दिल्ली। कनाडा के क्यूबेक में आर्थिक महाशक्तियों वाले ग्रुप 7 समिट में शायद पहली बार इस तरह से फूट देखने को मिली, जब अमेरिका ने G7 के स्टेटमेंट पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया। कनाडा से समिट खत्म करने के बाद ट्रंप ने भारत समेत कई देशों पर निशाना साधते हुए अमेरिका को लूटने का आरोप लगाया। डोनाल्ड ट्रंप ने G7 समिट में कहा कि भारत जैसा देश कई इंपोर्ट आइटम्स पर 100 फिसदी शुल्क लगाता है और हम कुछ नहीं कर रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि ऐसे देशों के साथ व्यापार करने का कोई फायदा नहीं है, जो अनुचित ढंग से अमेरिका के साथ व्यापार कर रहे हैं।

क्यूबेक समिट के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूज कांफ्रेंस में कहा, 'हम पिग्गी बैंक की तरह है, जो हमें हर कोई लूट रहा है।' ट्रंप ने आगे कहा, 'हम यह नहीं कर सकते। हम सभी देशों से बात कर रहे हैं और हम उन देशों से व्यापार करना बंद कर देंगे। और यही सबसे लाभदायक उत्तर है।' हालांकि, डोनाल्ड ट्रंप ना सिर्फ चीन, भारत और रूस के साथ इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं, बल्कि उन्होंने हाल ही में ईयू समेत अपने पड़ोसी देश कनाडा और मेक्सिको पर स्टील व एल्यूमीनियम इंपोर्ट पर नए आयात शुल्क लगाए हैं।
भारत ने इस साल अमेरिकी मोटर बाइक कंपनी हार्ले डेविडसन के इंपोर्ट पर शुल्क बढ़ाया था, जिसके बाद ट्रंप ने अपने देश में सभी भारतीय मोटरसाइकिल कंपनियों पर इंपोर्ट शुल्क बढ़ाने की धमकी दी थी।
राष्ट्रपति ट्रंप इससे पहले भी धमकी दे चुके हैं कि अमेरिका के साथ अनुचित ढंग से व्यापार करने वालों के खिलाफ पारस्परिक टैक्स लगाया जाएगा। ट्रंप ने कहा था, 'हमारे सामने ऐसे मामले आने पर हमें पारस्परिक टैक्स लगाने चाहिए। मैं भारत को दोष नहीं दे रहा हूं। मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छा है कि भारत इससे दूर हो सकता है। मुझे लगता है कि हमारे इंपोर्ट आइटम्स पर टैक्स लगाने वालों पर पारस्परिक टैक्स लगने चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications