अफ्रीकी देश चाड में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, सुरक्षाबलों ने चलाई गोलियां, 60 की मौत
भीड़ जब नियंत्रण से बाहर हो गई तो सुरक्षाबलों ने उन पर गोलियां बरसा दीं जिसमें 60 लोग मारे गए। वहीं चाड सरकार ने अपने बयान में 30 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है।
मध्य अफ्रीकी देश चाड (Chad) की राजधानी एनजमीना (N'Djamena) में अंतरिम नेता महामत इदरिस डेबी (Mahamat Idriss Deby) का कार्यकाल दो साल के लिए बढ़ाए जाने का विरोध हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षाबलों ने अंधाधुंध गोलियां बरसा दी, जिसमें कम से कम 60 प्रदर्शनकारियों के मारे जाने की खबर है। गुरुवार को हुई हिंसा के बाद इलाके में कर्फ्यू लगा दिया है।

प्रदर्शन के क्रम में 60 लोगों की मौत
सरकारी प्रवक्ता और मुर्दाघर के एक अधिकारी ने कहा कि चाडियन सुरक्षा बलों ने देश के दो सबसे बड़े शहरों में सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलाईं, जिसमें कम से कम 60 लोग मारे गए। बता दें कि, मध्य अफ्रीकी देश में अंतरिम नेता महामत इदरीस डेबी के सत्ता में दो साल के विस्तार के खिलाफ प्रदर्शनों के बीच हुई हिंसा के बाद अधिकारियों ने कर्फ्यू लगा दिया।

शासन के खिलाफ नारेबाजी
खबर के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान कई लोगों ने शासन के खिलाफ नारेबाजी की और पुलिस के लगे बैरिकेड तोड़ने की कोशिश हुई। भीड़ जब नियंत्रण से बाहर हो गई तो सुरक्षाबलों ने उन पर गोलियां बरसा दीं जिसमें 60 लोग मारे गए। वहीं चाड सरकार ने अपने बयान में 30 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है।

अब तक का हिंसक प्रदर्शन
दूसरी तरफ, एनजमीना में सरकार विरोधी मार्च का आयोजन करने वालों ने सुरक्षाबलों की गोलीबारी में 40 लोगों के मारे जाने की बात कही है। वहीं , चाड के दूसरे सबसे बड़े शहर मोउनदोउ के मुर्दाघर के एक अधिकारी के अनुसार, शहर में 32 अन्य प्रदर्शनकारी मारे गए हैं। डेबी बीते साल दशकों तक चाड की सत्ता संभालने वाले अपने पिता की हत्या के बाद अंतरिम नेता चुने गए थे। गुरुवार का प्रदर्शन उनके कार्यकाल का अब तक का सबसे हिंसक प्रदर्शन था। वहीं, डोबा और सरह में भी प्रदर्शन किए जाने की सूचना मिली है।

इदरिस डेबी इटनो की विद्रोहियों ने हत्या कर दी थी
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चाड में इस भीषण नरसंहार के बाद प्रशासन ने इलाके में कर्फ्यू लगा दिया है। चाड सरकार के प्रवक्ता अजीज महामत सालेह ने बताया कि राजधानी एनजमीना में हिंसा में कम से कम 30 लोग मारे गए हैं। इलाके में इस घटना के बाद से लोगों में प्रशासन और सरकार के खिलाफ आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है। इलाके में इस घटना के बाद से सनसनी फैल गई है। बता दें कि, अप्रैल 2021 में देश के उत्तर में युद्ध के मैदान में चाड के सैनिकों से मिलने पहुंचे तत्कालीन राष्ट्रपति इदरिस डेबी इटनो की विद्रोहियों ने हत्या कर दी थी।












Click it and Unblock the Notifications