काबुल के एजुकेशन सेंटर में आत्मघाती हमला, हादसे में 100 स्टूडेंट्स मारे गए
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के एक एजुकेशन इंस्टीट्यूट में धमाका हुआ है। इसमें 100 स्टूडेंट्स की मौत की खबर सामने आई है। कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
काबुल, 30 सितंबर : अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के शिक्षा केंद्र में हुए आत्मघाती हमले में कम से कम 100 बच्चों की मौत हो गई। एक स्थानीय पत्रकार के मुताबिक फिदायीन हमले में मारे गए ज्यादातर छात्र शिया और हजारा समुदाय के थे। खबर के मुताबिक जहां पर यह हमला हुआ यह काबुल का शिया बहुल इलाका है। वहीं, हजारा अफगानिस्तान का तीसरा सबसे बड़ा मुस्लिम जातीय समूह है। बीबीसी ने बताया कि विस्फोट शहर के पश्चिम में दश्त-ए-बारची इलाके में काज शिक्षा केंद्र में हुआ।

आत्मघाती हमले में 100 छात्रों की मौत
एक स्थानीय पत्रकार बिलावल ने इस आत्मघाती हमले के बारे में ट्वीट कर बताया कि ब्लास्ट में मारे गए 100 छात्रों के शवों की गिनती की गई है। जब यह फिदायीन हमला हुआ कक्षा छात्रों से खचाखच भरी हुई थी। यहां पर बच्चों का mock university entrance exam लिया जा रहा था, ताकि छात्र आगे की वास्तविक तैयारी कर सकें। उन्होंने आत्मघाती हमले के बाद की स्थिति के बारे में बताया कि कैसे धमाके के बाद एक शिक्षक क्षत-विक्षत शवों को उठा रहे थे।

छात्रों को निशाना बनाने की बात
वही्ं, माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर विस्फोट से पहले एक वीडियो भी शेयर किया गया था जिसमें छात्रों की कक्षा को निशाना बनाने की बात कही गई थी। पश्चिमी काबुल में दशते बारचे लगातार इस्लामिक स्टेट -खुरासन प्रोविंस (ISKP) के घातक हमलों का निशाना रहे हैं। आज हज़ारा और शिया बच्चों की उनकी कक्षाओं के अंदर हत्या कर दी गई। पुलिस प्रवक्ता खालिद जादरान ने कहा, "छात्र परीक्षा की तैयारी कर रहे थे तभी इस शैक्षणिक केंद्र पर एक आत्मघाती हमलावर ने हमला कर दिया, जिसमें 100 छात्रों की मौत हो गई।

आत्मघाती हमले की निंदा
वहीं, अफगानिस्तान में अमेरिकी मिशन के प्रभारी करेन डेकर ने ट्वीट कर इस आत्मघाती हमले की निंदा की। उन्होंने लिखा, अमेरिका काज उच्च शिक्षा केंद्र पर आज के हमले की कड़ी निंदा करता है। परीक्षा देने वाले छात्रों से भरे कमरे को निशाना बनाना शर्मनाक है। सभी छात्रों को शांति और बिना किसी डर के शिक्षा ग्रहण करने का अधिकार होना चाहिए।

सुरक्षा दल मौका-ए-वारदात पर पहुंचे
वहीं, इस आत्मघाती हमले के बाद सुरक्षा दल मौका-ए-वारदात पर पहुंच गए हैं। खबर के मुताबिक हमला क्यों किया गया और बम धमाके में कितने लोग मारे गए इनके विवरण बाद में जारी किए जाएंगे। वहीं,ऑनलाइन पोस्ट किए गए वीडियो और स्थानीय मीडिया ने घटना की तस्वीरें प्रकाशित की हैं। इन तस्वीरों में पीड़ितों को घटनास्थल से ले जाते हुए दिल को झकझोर दृश्य दिखाया गया है।
(photo Credit : Twitter)












Click it and Unblock the Notifications