भूकंप से दहली अफगानिस्तान की धरती, लगातार 5 झटके, 14 की मौत, 78 घायल
अफगानिस्तान के पश्चिमी हिस्से में शनिवार दोपहर भूकंप के झटके महसूस किए गए। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12:11 बजे रिक्टर पैमाने पर 6.1 तीव्रता का भूकंप आया, इसके बाद 12:19 बजे 5.6 और फिर 12:42 बजे 6.2 तीव्रता का भूकंप आया। इस घटना में 14 लोगों की मौत हो गई और 78 लोग घायल हो गए।
भूस्खलन और इमारत ढहने की खबरों के बीच मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने कहा कि भूकंप का केंद्र क्षेत्र के सबसे बड़े शहर हेरात से 40 किलोमीटर (25 मील) उत्तर पश्चिम में था। बड़े भूकंप के बाद 5.5, 4.7, 6.3, 5.9 और 4.6 की तीव्रता वाले पांच झटके आए।

सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किए गए वीडियो में, निवासियों और दुकानदारों की भीड़ को शहर की इमारतों से भागते देखा गया। 45 साल के हेरात निवासी बशीर अहमद ने बताया कि हम अपने कार्यालयों में थे और अचानक इमारत हिलने लगी। दीवार के प्लास्टर गिरने लगे और दीवारों में दरारें आ गईं, कुछ दीवारें और इमारत के कुछ हिस्से ढह गए। उन्होंने यह भी बताया कि मैं अपने परिवार से संपर्क नहीं कर पा रहा हूं, नेटवर्क कनेक्शन काट दिया गया है। मैं बहुत चिंतित और डरा हुआ हूं, यह भयावह था। आपको बता दें कि इससे पहले 4 सितंबर को अफगानिस्तान के फैजाबाद में 4.4 तीव्रता का भूकंप आया था। 28 अगस्त को 4.8 तीव्रता का एक और भूकंप भी देश के कुछ हिस्सों में आया।
नेपाल में आया था तीव्रता 6.2 का भूकंप
आपको बता दें कि बीती तीन अक्टूबर को नेपाल में एक के बाद एक चार भूकंप आए, जिनमें सबसे तीव्र तीव्रता 6.2 थी। इसके झटके दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में महसूस किए गए थे। सबसे शक्तिशाली भूकंप का केंद्र पश्चिम नेपाल के दिपायल जिले में, उत्तराखंड के तीर्थ नगरी जोशीमठ से 206 किमी दक्षिण पूर्व और उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से 284 किमी उत्तर में स्थित था।












Click it and Unblock the Notifications