फिर दहला अफगानिस्तान, कुंदुज की मावलवी सिकंदर मस्जिद में बम ब्लास्ट, 33 की मौत
नई दिल्ली, 22 अप्रैल: अफगानिस्तान के कुंदुज शहर में शुक्रवार दोपहर को एक मस्जिद में बम ब्लास्ट हुआ है। कुंदुज की मावलवी सिकंदर मस्जिद में हुए इस बम धमाके में 33 लोगों की जान गई है और कई अन्य घायल हुए हैं। अफगानिस्तान के टीवी नेटवर्क टोलो न्यूज ने ये जानकारी दी है।

कुंदुज के इमाम साहिब जिले के पुलिस प्रमुख हाफिज उमर ने बताया है कि आज दोपहर जिले के मावलवी सिकंदर मस्जिद में ये विस्फोट हुआ है। सुरक्षाकर्मियों और चश्मदीदों के मुताबिक इस धमाके में घटना में कम से कम 33 लोग मारे गए हैं और इतने ही लोग घायल हुए हैं, जिनको नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हालांकि प्रशासन ने अभी मरने वालों और घायलों का कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है।
एक दिन पहले भी हुआ था मस्जिद में ब्लास्ट
गुरुवार को अफगानिस्तान के मजार-ए-शरीफ शहर स्थित एक मस्जिद में भीषण विस्फोट हुआ था। इस ब्लास्ट में कम से कम 10 लोगों मौत हुई और 40 से ज्यादा लोग घायल हुए। मजार-ए-शरीफ स्थित साईं डोकेन मस्जिद में ये विस्फोट उस समय हुआ, जब काफी संख्या में लोग इबादत के लिए यहां जमा थे। तीन दिन पहले मंगलवार को अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के एक स्कूल में सिलसिलेवार तीन धमाके हुए थे। मंगलवार को पश्चिमी काबुल में एक हाई स्कूल में शिया हजारा समुदाय के लोगों को निशाना बनाते हुए ब्लास्ट किए गए थे।












Click it and Unblock the Notifications