रिपब्लिकन लीडर ने बताया मोदी और ट्रंप के बीच क्या है एक जैसा
वाशिंगटन। रिपब्लिकन लीडर डोनाल्ड ट्रंप ने पार्टी की ओर से नवंबर में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों के लिए उम्मीदवारी जीत ली है। अब उनकी इस उम्मीदवारी जीतने के बाद उनकी पार्टी के एक नेता ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच मौजूद कई समानताओं को गिनाया है।

दोनों होंगे स्वाभाविक जोड़ीदार
रिपब्लिकन पार्टी के टॉप लीडर न्यूट गिंगरिच ने कहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति पद के रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप स्वाभाविक जोड़ीदार होंगे। दोनों के नेतृत्व में दो सबसे बड़े लोकतांत्रिक देशों के बीच संबंध नई ऊंचाइयों पर पहुंचेंगे और दुनिया पहले से सुरक्षित एवं बेहतर होगी।
दोनों को मालूम हैं अपने लक्ष्य
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के पूर्व स्पीकर गिंगरिच ने मंगलवार को रिपब्लिकन हिंदू कोअलिशन की ओर से आयोजित सुबह के नाश्ते के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि ट्रंप (राष्ट्रपति के तौर पर) अमेरिका के बहुत प्रखर रक्षक होंगे।
मोदी भारत के बहुत प्रखर रक्षक हैं। दोनों को इस बात की समझ है कि वे अपने देशों के लिए चीजें हासिल करने और संभालने का प्रयास कर रहे हैं।
कमरे में बैठकर निकलेगा समस्या का हल
ट्रंप के नजदीकी माने जाने वाले गिंगरिच ने कहा कि ट्रंप स्वभाविक रूप से सबको साथ लाने वाले व्यक्ति हैं, जबकि मोदी भी जानते हैं कि लोगों को कैसे साथ लाना है।
गिंगरिच ने एक सवाल के जवाब में कहा, वे दोनों जानते हैं कि कैसे बातचीत करनी है। उनके मुताबिक उस समय लोग हैरान रह जाएंगे जब ये दोनों कमरे में बैठकर बातचीत करेंगे और चीजों का हल निकालेंगे। दोनों बहुत आत्मविश्वासी हैं और दोनों को एक दूसरे का साथ पसंद आयेगा।
कौन हैं गिंगरिच
गिंगरिच उन नेताओं में से एक हैं जिन्होंने मोदी के गुजरात का मुख्यमंत्री रहते उनके साथ संबंध स्थापित किया था। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी बेहतरीन नेता हैं जो भारत में उद्यमियों और स्वतंत्र उपक्रमों की पैरोकारी करते हैं। गुजरात में
उनके रिकॉर्ड को देखिए, वास्तव में बेहतरीन चीज हुई है। दिल्ली में वह क्या हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं। वह कम से कम नौकरशाही, कम से कम लाल फीताशाही को रखने का प्रयास कर रहे हैं।
मोदी के अमेरिकी दौरे से खुश
रिपब्लिकन नेता ने कहा कि वह मोदी के हालिया वाशिंगटन दौरे और कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित किए जाने से उत्साहित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान के परमाणु हथियारों के गलत हाथों में जाने का खतरा है और ऐसे में उसके हथियारों को सुरक्षित करने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications