US Election 2024: ये 7 राज्य तय करेंगे कौन बनेगा अमेरिका का राष्ट्रपति, ट्रंप या बाइडेन कौन कर रहा लीड?
US presidential Election 2024: विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था अमेरिका में इस साल 5 नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव होने जा रहा है। फिलहाल राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवारी के लिए रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टी में चुनाव चल रहे हैं।
डोनाल्ड ट्रंप आयोवा कॉकस और न्यू हैंपशायर प्राइमरी चुनाव जीत चुके हैं। उनकी नजर अब नेवादा, वर्जिन आइलैंड, साउथ कैरोलिना और मिशिगन में होने वाले चुनाव पर है। इन राज्यों में फरवरी में चुनाव होंगे जहां पर उन्हें निक्की हेली से टक्कर मिलेगी।

यदि डोनाल्ड ट्रंप, निक्की हेली को परास्त करने में कामयाब होते हैं तो एक बार फिर से हमें डोनाल्ड ट्रंप और जो बाइडेन के बीच संघर्ष देखने को मिल सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति की नीतियां पूरी दुनिया की दिशा और दशा तय करती हैं।
यही वजह है कि इस चुनाव पर सिर्फ अमेरिका ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया की नजर रहती है। लिहाजा, हम अमेरिकी चुनाव को लेकर अपने पाठकों के लिए स्पेशल सीरीज चला रहे हैं। इसमें हम अमेरिकी चुनाव से संबंधित महत्वपूर्ण और दिलचस्प जानकारियां आपसे शेयर कर रहे हैं। आज इस सीरिज का दसवां भाग हम प्रकाशित कर रहे हैं।
हमें उम्मीद है, कि हमारी ये सीरीज आपको काफी पसंद आ रही होगी। पिछली सीरीज में हमने आपको पर्पल यानी स्विंग स्टेट के बारे में बताया था। आज हम आपको उन अहम राज्यों के बारे में बताने जा रहे हैं जो साल 2024 में अमेरिकी राष्ट्रपति की कुर्सी तय करने वाले हैं।
ये राज्य हैं- एरिजोना, जॉर्जिया, मिशिगन, पेन्सिलवेनिया, विस्कॉन्सिन, नेवादा, फ्लोरिडा
कुछ रिपोर्टों के अनुसार ये 7 राज्य हैं जो 2024 चुनाव में बड़ा असल डाल सकते हैं।
1. एरिजोना
पिछले कुछ चुनावों के परिणाम से एरिजोना को एक स्विंग स्टेट माना जाने लगा है। 1952 के राष्ट्रपति चुनाव के बाद से एरिजोना रिपब्लिकन पार्टी का गढ़ माना जाने लगा था। 2020 से पहले तक सिर्फ एक बार 1996 में यहां पर डेमोक्रेटिक पार्टी की हार हुई थी। पिछली बार यहां पर जो बाइडेन ने सिर्फ 0.4% से अंतर से डोनाल्ड ट्रंप को हरा दिया था।
ऐसा कहा जा रहा है कि अगर डेमोक्रिटक मतों में विभाजन न हुआ तो इस बार भी यहां पर जो बाइडेन की जीत हो सकती है। दरअसल पिछले कुछ सालों में यहां पर जनसांख्यिकीय परिवर्तन हुए हैं यही वजह है कि अब ये राज्य डेमोक्रेटिक पार्टी के पक्ष में झुकने लगा है। राज्य के मतदाताओं ने पिछले कुछ चक्रों में कई राज्यव्यापी चुनावों में डेमोक्रेट के लिए मतदान किया है। हालांकि इस बार यहां पर हुए लगभग सभी सर्वेक्षणों में ट्रंप बड़े अंतर से आगे निकलते हुए दिख रहे हैं। अब तक यहां हुए 5 सर्वे में से सभी में ट्रंप आगे दिखाई दे रहे हैं।
2. जॉर्जिया
जॉर्जिया को रेड स्टेट माना जाता था। 1992 में बिल क्लिंटन के बाद से किसी भी डेमोक्रेट ने जॉर्जिया में राष्ट्रपति चुनाव नहीं जीता था। लेकिन इस रिपब्लिकन बहुमत वाले स्टेट में पिछली बार जो बाइडेन जीत गए थे। बाइडेन को महज 0.23 फीसदी बहुमत से जीत हासिल हुई।
इस राज्य में भी जनसांख्यिकीय परिवर्तन और जनसंख्या में बदलावों से डेमोक्रेट्स मजबूत होते जा रहे हैं। हालांकि इस बार कई सर्वेक्षणों में यहां पर बाइडेन को पीछे और ट्रंप को आगे बताया गया है। यहां सर्वेक्षणों में ट्रंप, बाइडेन पर काफी मार्जिन से आगे हैं। कुल 6 सर्वेक्षणों में से सभी भी ट्रंप, बाइडेन से आगे दिखाई दे रहे हैं।
3. मिशिगन
2016 में ट्रंप ने यहां हिलेरी क्लिंटन पर महज 0.2 फीसदी की ही बढ़त हासिल की थी। वहीं पिछले चुनाव में ट्रंप को यहां 2.8% के अंतर से हार नसीब हुई थी। सीएनएन के सर्वेक्षण में पाया गया कि मिशिगन में ट्रंप को 50-40 की बढ़त के साथ बाइडेन पर दोहरे अंकों की बढ़त मिली है। जॉर्जिया की तरह, मिशिगन में भी अधिकांश मतदाताओं ने कहा कि बाइडेन की नीतियां अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा रही हैं।
मिशिगन में अरब-अमेरिकी और मुस्लिम आबादी की एक बड़ी आबादी रहती है। इस बार इन मतदाताओं ने बाइडेन को वोट न देने की कसम खाई है। दरअसल ये मतदाता इजराइल-हमास युद्ध में गाजा में तबाही और इससे निपटने के लिए बाइडेन की भूमिका से नाराज हैं। जाहिर है ये राज्य भी ट्रंप को मुस्कुराने का अवसर दे सकता है। अभी तक हुए 7 सर्वेक्षणों में से ट्रंप 6 में अच्छे अंतर से आगे चल रहे हैं।
4. पेन्सिलवेनिया
पेन्सिलवेनिया को यूं तो एक मजबूत डेमोक्रिटक गढ़ माना जाता है लेकि हाल के कुछ सालों में ये पर्पल रंग दिखाने लगा है। स्विंग स्टेट में यह काफी बड़ा राज्य है। वर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडेन यहीं से हैं। पिछली बार यहां पर बाइडेन को 1.17 फीसदी के अंतर से जीत हासिल हुई थी।
ट्रंप को यहां पर 2016 में जीत हासिल हुई थी। इससे पहले लगातार 6 चुनावों में इस राज्य ने डेमोक्रेटिक पार्टी को वोट दिया था। इस बार के कई सर्वेक्षणों में जो बाइडेन और ट्रंप के बीच तगड़ा मुकाबला दिखाई दे रहा है। यहां पर अब तक हुए 7 सर्वेक्षणों में ट्रंप 4 में तो वहीं बाइडेन 3 में आगे चल रहे हैं।
5. विस्कॉन्सिन
स्विंग स्टेट में विस्कॉन्सिन काफी बड़ा राज्य है। 2016 में ट्रंप को यहां मामूली अंतर से जीत मिली थी तो 2020 में यहीं से उन्हें मामूली अंतर से हार नसीब हुई। यह एकमात्र राज्य था जहां एक पार्टी ने 2022 में सीनेट की दौड़ जीती लेकिन 2020 में राष्ट्रपति चुनाव हार गई।

भले ही विस्कॉन्सिन एक स्विंग स्टेट माना जाता है लेकिन आंकड़ों में सबसे अधिक बार यहां पर डेमोक्रेटिक पार्टी जीती है। सर्वेक्षणों में यहां इस बार भी बाइडेन को बढ़त दिख रही है। अब तक हुए 4 सर्वेक्षणों में 2 में बाइडेन, एक में ट्रंप और एक में मुकाबला टाई हुआ है। ऐसे में कहा जा सकता है कि ये राज्य सभी स्विंग स्टेट में सबसे अहम है।
6. नेवादा
नेवादा एक स्विंग स्टेट नहीं है। पिछले 5 चुनावों में यहा डेमोक्रेटिक पार्टी को वोट मिला है। मगर इस बार इस राज्य को राष्ट्रपति चुनाव के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। नेवादा में पिछली बार ट्रंप को बाइडेन से हार मिली थी। वे यहां पर लगभग 3 फीसदी के अंतर से हारे थे लेकिन इस बार सर्वेक्षणों में ट्रंप को बढ़त मिलती दिख रही है।

नेवादा में डोनाल्ड ट्रम्प को 52 प्रतिशत वहीं बाइडेन को 41 प्रतिशत वोट मिले हैं, जो अन्य स्विंग स्टेट्स की तुलना में कहीं अधिक है। ऐसे में कहा जा रहा है कि नेवादा प्रतिस्पर्धी होने जा रहा है, शायद पहले से कहीं अधिक। यहां पर हुए अब तक 4 सर्वेक्षणों में से चारों में ट्रंप भारी बढ़त में दिखाई दे रहे हैं।
7. फ्लोरिडा
फ्लोरिडा इलेक्टोरल वोट्स के लिहाज से यह तीसरा बड़ा राज्य है। अमेरिकी चुनावों में इसका हमेशा से महत्व रहा है। गौरतलब है कि साल 1964 से फ्लोरिडा के मूड से पूरे अमेरिका के नतीजे का पता चलता रहा है, सिर्फ 1992 में ऐसा हुआ था कि फ्लोरिडा अपना कमाल नहीं दिखा पाया था। साल 2012 में ओबामा, 2016 में ट्रंप ने ये राज्य महज 1 फीसदी के अंतर से जीता था।

पिछली बार यहां पर ट्रंप बड़े मार्जिन से हारे थे मगर इस बार लगभग सभी सर्वेक्षणों में ट्रंप को जीत मिलती दिख रही है। यहां हुए 7 सर्वेक्षणों में से 6 में ट्रंप वहीं, एक में मुकाबला बराबरी का दिखाई दे रहा है। पिछली बार नीला रंग में रंगा ये राज्य इस बार ट्रंप के प्यार में लाल होता है या नहीं देखने वाली बात होगी।












Click it and Unblock the Notifications