6 महीने के लिए इस खास मिशन पर ISS जा रहे हैं 4 अंतरिक्ष यात्री, राजा चारी की वापसी से जुड़ा है अभियान
कैनेडी स्पेस सेंटर (फ्लोरिडा), 26 अप्रैल: बुधवार को 4 नए अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भेजा जा रहा है। उनके पहुंचने के बाद ही भारतीय-अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री राजा चारी के भी पृथ्वी पर वापस लौटने की प्रक्रिया शुरू हो पाएगी। एक दिन पहले ही चार प्राइवेट अंतरिक्ष यात्रियों का एक दल इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) पर 10 दिन से ज्यादा गुजारने के बाद वापस अटलांटिक महासागर की तट पर सुरक्षित लौटा है। इनकी वापसी में मौसम में खराबी की वजह से देर हुई थी। लेकिन, अबकी बार मौसम के पूर्वानुमान में लॉन्चिंग के वक्त सबकुछ ठीक रहने की बात कही गई है।

जीरो ग्रैविटी में वैज्ञानिक परीक्षण करेंगे
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से चार प्राइवेट अंतरिक्ष यात्रियों के धरती पर वापसी के एक दिन बाद ही स्पेसएक्स और नासा चार नए अंतरिक्ष यात्रियों को बुधवार (27 अप्रैल) को लॉन्च करने करने जा रहा है। ये चारों अंतरिक्ष यात्री 6 महीने के मिशन के लिए अंतरराष्ट्री स्पेस स्टेशन पर जा रहे हैं, जहां ये जीरो ग्रैविटी में वैज्ञानिक परीक्षण करेंगे। इन चारों अंतरिक्ष यात्रियों को ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट से अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से भारतीय समय अनुसार बुधवार दिन में 1 बजकर 22 मिनट पर फिर से इस्तेमाल किए जाने लायक फाल्कन-9 रॉकेट से अंतरिक्ष में भेजा जाएगा।

नासा की सबसे बड़ी प्राइवेट कॉन्ट्रैक्टर है स्पेसएक्स
इस अंतरिक्ष मिशन में मिशन स्पेशलिस्ट जेसिका वैट्किंस, पायलट बॉब हिनेस, कमांडर केजेल लिंड्ग्रेन और मिशन स्पेशलिस्ट समांता क्रिस्टेफोरेट्टी (तस्वीर इसी क्रम में है) शामिल हैं। समांता यूरोपियन स्पेस एजेंसी की अंतरिक्ष यात्री हैं। स्पेसएक्स की ओर से अंतरिक्ष यात्रियों की यह चौथी लॉन्चिंग है, जो कि अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा की सबसे बड़ी प्राइवेट कॉन्ट्रैक्टर है। यह संस्था अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष तक ले जाने और वहां से वापस लाने का काम कर रही है। अमेरिका के स्पेस फोर्स 45वें वेदर स्कॉर्डन की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक स्पेसक्राफ्ट की लॉन्चिंग के दौरान मौसम के 90 फीसदी अनुकूल रहने की संभावना है।

मौसम में खराबी के चलते निजी अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी में हुई देरी
गौरतलब है कि पहले यह मिशन 23 अप्रैल को ही लॉन्च करने की योजना थी। लेकिन, खराब मौसम की वजह से नासा ने इसे स्थगित कर दिया था। क्योंकि, खराब मौसम के चलते एक्सिओम स्पेस के प्राइवेट अंतरिक्ष यात्रियों की वापस में भी देर हो गई, जो सिर्फ 10 दिनों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर गए थे। नासा ने इस मिशन को उस समय लॉन्च करना तय किया है, जब स्पेस स्टेशन की स्थिति और ऑर्बिटल मशीन की स्थिति ज्यादा अनुकूल हो। लेकिन, किसी वजह से 27 तारीख को फिर से मौसम में अगर कोई दिक्कत आई तो अगली लॉन्चिंग के लिए 28 अप्रैल की तारीख रिजर्व रखी गई है।

अंतरिक्ष यात्री राजा चारी की वापसी का इंतजार
नए ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट, जिसे फ्रीडम नाम दिया गया है, अंतरिक्ष यात्रियों के साथ जैसे ही स्पेस स्टेशन से जाकर लगेगा, इसके साथ ही भारतीय-अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री राजा चारी की अगुवाई वाला क्रू-3 मिशन का काम भी पूरा हो जाएगा। नासा ने कहा है, 'क्रू-4 के डॉक होने के साथ, नासा के स्पेस एक्स क्रू-3 मिशन को क्रू-4 को हैंडओवर देन में करीब 5 दिन लगने की उम्मीद है, उसके बाद वह स्पेस स्टेशन से निकलेगा और पृथ्वी पर वापस आ जाएगा। '

सोमवार को लौटे निजी अंतरिक्ष यात्री
इस बीच सभी निजी अंतरिक्ष यात्रियों वाली पहली टीम अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन से सुरक्षित अटलांटिक के फ्लोरिडा के तट पर सोमवार को उतर चुकी है। यह मिशन अंतरिक्ष यात्रा का सबसे महत्वाकांक्षी मिशन रहा है, जिसमें अमीर यात्रियों ने अपने खर्च किए हैं और सरकारी खजाने पर बोझ वाले सिलसिले को खत्म किए जाने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। इस मिशन के सारे यात्री निजी खर्चों पर एक्सिओम की ओर से प्रशिक्षित किए गए थे और उनकी सारी व्यवस्था उसी ने की थी। यह पांच साल पुरानी एक संस्था है, जो ह्यूस्टन में है और नासा के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के प्रोग्राम मैनेजर इसके चीफ हैं। एक्सिओम ने नासा के साथ अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की रिप्लेसमेंट के लिए भी करार किया हुआ है। (पहली दो तस्वीरें छोड़कर बाकी प्रतीकात्मक और तीसरी नासा के ट्विटर वीडियो से)












Click it and Unblock the Notifications