Bangkok Air pollution: थाइलैंड में हवा हुई जहरीली, एक हफ्ते में 2 लाख लोग हुए अस्पताल में भर्ती
Air Pollution In Thailand: बैंकॉक एक हानिकारक धुंध में डूबा हुआ है। इस सप्ताह यहां लगभग 2 लाख लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सरकारी अधिकारियों ने लोगों से अलर्ट रहने की अपील की है।

Image: Oneindia
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में वायु प्रदूषण के कारण एक सप्ताह में 2 लाख लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन सभी लोगों को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत थी। राजधानी बैंकॉक की स्थिति बेहद खराब है और यहां चारों ओर हानिकारक धुंध से लोग घिरे हुए हैं। बैंकॉक जो कि एक करोड़ से भी अधिक की आबादी वाले दुनिया के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है, औद्योगिक उत्सर्जन, गाड़ियों से निकलने वाले धुएं और खेतों में जलाई जाने वाली खराब फसलों से परेशान हैं।
3 महीने में 13 लाख लोग बीमार
सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार वायु प्रदर्शन के कारण पिछले तीन महीनों में 13 लाख से भी अधिक लोग बीमार हुए हैं। इनमें से 2 लाख लोग पिछले एक हफ्ते में हॉस्पिटल में एडमिट हुए हैं। इस बीच सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय के एक डॉक्टर क्रिआंगक्राई नमथाइसोंग ने बच्चों और गर्भवती महिलाओं को घरों से न निकलने की सलाह दी है। उन्होंने लोगों से N-95 मास्क लगाने की भी अपील की है।
लोगों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह
कुछ रिपोर्ट के मुताबिक थाइलैंड में वायु प्रदूषण का खतरा इतना गंभीर हो चुका है कि बैंकॉक अथॉरिटीज ने जनवरी से ही लोगों को वर्क फ्रॉम होम करने की सलाह दे दी थी। पिछले साल शहर के पर्यावरण में सुधार के वादे के साथ चुने गए बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपुंट के प्रवक्ता ने कहा कि अगर स्थिति और खराब होती है तो वे इसी तरह का एक और आदेश जारी करने में संकोच नहीं करेंगे। AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, गाड़ियों से निकलने वाले धुएं को मॉनिटर करने के लिए चेकपॉइंट्स बनाए गए हैं। इतना ही नहीं शहर द्वारा संचालित नर्सरी जो कि बच्चों के लिए चलाए जाते हैं वहां एयर प्यूरिफायर लगाने के साथ विशेष नो डस्ट रूप तैयार किए गए हैं।
अभी खतरा टला नहीं
बैंकाक अधिकारियों का कहना है कि खतरा टला नहीं है। आने वाले समय में लोगों को घरों में रखने के लिए कड़े प्रतिबंध लगाने पड़ सकते हैं। सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि बैंकॉक के 50 जिलों में बुधवार को सबसे खतरनाक PM2.5 कणों का असुरक्षित स्तर दर्ज किया गया। सरकार के प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अनुसार, पिछले तीन दिनों से बैंकाक के अधिकांश हिस्सों में PM2.5 का स्तर सुरक्षित सीमा से ऊपर है। प्रदूषण नियंत्रण निगरानी फर्म IQAir ने बैंकॉक को दुनिया के तीसरे सबसे प्रदूषित शहर का दर्जा दिया है।
PM 2.5 ने बढ़ाई चिंता
PM 2.5 प्रदूषण की वजह बनने वाले बेहद बारीक कण हैं जो खून मिलकर बीमारियों का खतरा बढ़ा देते हैं। हवा में मौजूद पार्टिकुलेट मैटर (PM) इंसान के फेफड़ों के लिए जहर से कम नहीं हैं। इनका आकार 2.5 माइक्रोमीटर या उससे कम होता है। इनकी वजह से समय से पहले ही मौत भी हो सकती है। WHO के मुताबिक, PM 2.5 हवा में 5 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर से ज्यादा नहीं होना चाहिए, फिलहाल थाईलैंड में पार्टिकुलेट मैटर की मात्रा कम है, लेकिन ये खतरनाक है।












Click it and Unblock the Notifications