इंदौर से हुआ युवा कांग्रेस के 'यंग इंडिया के बोल सीजन-2' का आगाज, ऐसा है पूरा अभियान
इंदौर, 22 अप्रैल: कांग्रेस इन दिनों युवा कांग्रेस के जरिए देश के युवाओं को अपने साथ जोड़ रही है. इस बीच भारतीय युवा कांग्रेस की ओर से यंग इंडिया के बोल सीजन 2 की लॉन्चिंग इंदौर से की गई, जहां से इस भाषण प्रतियोगिता के अभियान का आगाज किया गया. इस दौरान युवा कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता पराग शर्मा समेत तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. युवा कांग्रेस के इस अभियान के पहले सीजन को भी अच्छा प्रतिसाद मिला था, जिससे राष्ट्रीय स्तर के प्रवक्ता कांग्रेस को प्राप्त हुए थे.

पदाधिकारियों ने ली प्रेस वार्ता
युवा कांग्रेस के यंग इंडिया के बोल सीजन 2 की भाषण प्रतियोगिता को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में पदाधिकारियों ने बताया कि सीजन वन से कई कार्यकर्ताओं को प्रदेश में नई जिम्मेदारी दी गई है. इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की सोच को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यंग इंडिया के बोल सीजन 2 लॉन्च किया गया है. इसके माध्यम से ऐसे साथियों को आगे लाया जाएगा, जो अपनी बात प्रखरता से जनता के सामने रखेंगे.
18 से 35 वर्ष के युवाओं को मिलेगा मौका
युवा कांग्रेस के इस अभियान के जरिए 18 से 35 वर्ष के युवाओं और युवतियों को मौका मिलेगा, जिससे वह इस प्रतियोगिता में शामिल होकर प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को उठाएंगे. साथ ही वर्तमान राजनीति पर अपने विचार रखेंगे. इस अभियान को सफल बनाने में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया और उनकी टीम भी अहम जिम्मेदारी निभाएगी.
मिशन 2023 की तैयारियों में जुटी युवा कांग्रेस
युवा कांग्रेस ने प्रदेश भर में मिशन 2023 की तैयारियां शुरू कर दी है. इसी के मद्देनजर युवा कांग्रेस की ओर से अलग-अलग अभियान प्रदेश में चलाए जा रहे हैं. इन अभियानों के जरिए प्रदेशभर के युवाओं को कांग्रेस से जोड़ा जा रहा है, तो वहीं सरकार की गलत नीतियों के विरोध में युवा किस तरह से अपनी आवाज बुलंद कर सके इसका भी ध्यान रखा जा रहा है.












Click it and Unblock the Notifications