बिजली गिरने से हुई पति की मौत, सदमे में पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम
खंडवा, 12 जुलाई: ऐसा कहा जाता है कि पति और पत्नी का रिश्ता जन्म जन्मांतर का होता है, जहां पति और पत्नी सात जन्मों तक एक दूसरे का साथ निभाने का वादा करते हैं। इतना ही नहीं पति और पत्नी मरते दम तक एक दूसरे का साथ भी निभाते हैं, लेकिन खंडवा से एक ऐसा मामला निकल कर सामने आया है, जहां पति की मौत के बाद सदमे में पत्नी ने भी अपनी जान दे दी। दरअसल, महिला के पति की 30 दिन पहले बिजली गिरने से मौत हो गई थी, जिसके बाद महिला डिप्रेशन में पहुंच गई। वहीं महिला अपने पति की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी, और उसने खुद भी फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मामला खंडवा के पंधाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

पति की मौत का लगा गहरा सदमा
परिजनों की मानें तो पति की मौत के बाद पत्नी अक्सर गुमसुम रहने लगी थी। इतना ही नहीं उसने अपने परिजनों से भी बातचीत करना बंद कर दिया था। तनाव में रहने के कारण अक्सर वह परेशान रहने लगी थी, जिसके बाद घर में जब सभी लोग सो रहे थे। उसी दौरान उसने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सुबह जब बच्चे उसे जगाने गए, तब वह फंदे पर लटकी मिली, जिसके बाद बच्चों ने परिजनों और आसपास के लोगों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का सहारा
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने परिजनों को शव सौंप दिया। मृतका के दो बच्चे हैं, जिसमें एक बेटा और बेटी है। वहीं अब माता और पिता दोनों की मौत हो जाने के बाद बच्चों के सिर से मां बाप का हाथ उठ गया है। वहीं अब बच्चों की जिम्मेदारी परिवार के अन्य सदस्य उठाएंगे। उधर, मां की मौत के बाद बच्चों का रो रो कर बुरा हाल है।












Click it and Unblock the Notifications