प्राकृतिक खेती पर शिवराज सरकार का फोकस, देसी गाय पालने पर मिलेंगे सैकड़ों रूपए
इंदौर, 26 अप्रैल: प्रदेश की शिवराज सरकार अब प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए लगातार फैसले कर रही है. इस बीच शिवराज सरकार ने बड़ा ऐलान करते हुए देसी गाय पालने वाले किसानों को सहायता के तौर पर 900 रुपए प्रतिमाह देने का ऐलान किया है. साथ ही सीएम शिवराज सिंह चौहान ने लगभग 5 हजार गांव में प्राकृतिक खेती कि शुरुआत करने की घोषणा की है.

जून में शुरू होगी प्राकृतिक खेती
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, हमारा लक्ष्य है की जून में हम 5200 गांव में प्राकृतिक खेती निश्चित तौर पर प्रारंभ कर देंगे. प्राकृतिक खेती के लिए आवश्यक है गाय, यदि गाय आपके पास नहीं है, तो आप जीवामृत और धन जीवामृत कैसे बनाएंगे, तो हमने यह भी तय किया है कि एक देसी गाय प्राकृतिक खेती करने वाले किसान के पास कम से कम होना चाहिए. इसलिए हमने फैसला किया है की हम किसान को 900 रुपए प्रति माह यानी 1 साल में 10 हजार 800 रुपए देंगे. यदि देसी गाय उसके पास होगी, तो वह जीवामृत बना पाएगा.
रासायनिक उर्वरकों का इस्तेमाल कम करने की कवायद
इन दिनों प्रदेश की शिवराज सरकार लगातार कृषि में रासायनिक उर्वरक के इस्तेमाल को कम करने की कवायद में जुटी हुई है. इसी के मद्देनजर सरकार लगातार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए अलग-अलग तरह की योजनाएं, जहां लागू कर रही है, तो वहीं अलग-अलग नियम कायदे बनाकर और कड़े फैसले लेकर भी प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की पहल जारी है.
खुद सीएम शिवराज भी कर रहे प्राकृतिक खेती
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मैंने अपने स्वयं की खेती पर भी 5 एकड़ में प्राकृतिक खेती प्रारंभ की है, उसका फैसला हमने किया है. मैंने अपने मंत्री मित्रों से भी थोड़ी-थोड़ी जमीन पर प्राकृतिक खेती करने का आग्रह किया है.












Click it and Unblock the Notifications