Indore में शांति समिति की बैठक, हर्षोल्लास के साथ मनाए जाएंगे सभी त्योहार
आगामी सभी त्यौहार इंदौर की गौरवशाली परम्परा के अनुरूप गंगा-जमुनी संस्कृति के साथ आपसी सौहार्द, एकता, शांति एवं हर्षोल्लास से मनाए जाएंगे। यह निर्णय शांति समिति की बैठक में लिए गए।

Recommended Video

इंदौर जिले में होली, रंगपंचमी सहित अन्य आगामी सभी त्यौहार इंदौर की गौरवशाली परम्परा के अनुरूप गंगा-जमुनी संस्कृति के साथ आपसी सौहार्द, एकता, शांति एवं हर्षोल्लास से मनाए जाएंगे। यह निर्णय यहां सम्पन्न हुई शांति समिति की बैठक में लिए गए। बैठक में पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्रा, कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा शांति समिति के सदस्य मौजूद थे। बैठक में सभी सदस्यों से त्यौहारों के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में सुझाव लिये गये।
सुरक्षा के माकूल इंतजाम रखे जाएंगे
कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी ने कहा कि, सदस्यों द्वारा दिये गये सभी सकारात्मक सुझावों का पूरा पालन किया जायेगा। उन्होंने सभी से अपील की कि आगामी त्यौहार इंदौर की गौरवशाली परम्परा के अनुरूप मनाये जायें। उन्होंने त्यौहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने का आग्रह भी नागरिकों से किया। बैठक में होली के दौरान वृक्ष नहीं काटने की अपील की गयी। साथ ही कहा गया कि होली विद्युत लाइन के नीचे नहीं जलायें। सभी नागरिक स्व-अनुशासन का पालन करें। पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्रा ने बैठक में त्यौहारों के दौरान रखी जाने वाली सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। बताया गया कि होली, रंग पंचमी और अन्य सभी त्यौहारों पर सुरक्षा के माकूल इंतजाम रखे जाएंगे। सभी थाना स्तरों पर बैठकें हो रही है। उन्होंने नागरिकों से कहा कि, स्वअनुशासन का पालन करते हुए त्यौहारों को उत्साह के साथ मनाएं। बैठक में आग्रह किया गया कि सोशल मीडिया की भ्रामक खबरों पर ध्यान नहीं दें। कोई भी ऐसी गतिविधि नहीं करें जो किसी दूसरे के लिए अप्रिय हो।
अधिकारी रखेंगे व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे
बैठक में बताया गया कि, आगामी त्यौहारों के दौरान सभी धर्म स्थलों के आसपास साफ-सफाई, लाइट, पेयजल तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम संबंधित विभागों द्वारा किए जाएंगे। बैठक में होली और रंगपंचमी की व्यवस्थाओं के संबंध में विशेष रूप से चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि रंग पंचमी के संबंध में बैठक अलग से आयोजित की जाएगी। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि वे अस्पतालों और डिस्पेंसरी में आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था रखें। त्यौहारों के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का सतत भ्रमण कर व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे। होली और रंगपंचमी पर मदिरा की दुकानें भी बंद रहेंगी।
ये भी पढ़े- MP: पूर्वोत्तर के चुनाव परिणामों पर इंदौर में मना जश्न, BJP कार्यकर्ताओं ने एक - दूसरे को दी बधाई












Click it and Unblock the Notifications