Indore news: सांवेर विधानसभा के हर घर पहुंचा नल और जल, PM जल जीवन मिशन सक्सेसफुल
सांवेर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 143 करोड़ रुपए की योजना बनाकर कार्य शुरू किए गए, इसके तहत चिन्हित 200 गांवों में से लगभग 144 गांवों में हर घर में नल से जल पहुंचाना शुरू कर दिया गया है।

Indore के सांवेर विधानसभा क्षेत्र में हर घर नल से जल पहुंचाने के लिए जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट की पहल पर प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। इस विधानसभा क्षेत्र में लगभग 143 करोड़ रुपए की योजना बनाकर कार्य शुरू किए गए, इसके तहत चिन्हित 200 गांवों में से लगभग 144 गांवों में हर घर में नल से जल पहुंचाना शुरू कर दिया गया है। शेष बचे गांवों में हर घर नल से जल पहुंचाने के लिए कार्य शीघ्र गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
अपूर्ण कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की है
बैठक में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने अपूर्ण कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की है। उन्होंने निर्देश दिए कि, अपूर्ण कार्य हर हाल में जल्द से जल्द पूरे हो। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त दल बनाते हुए कहा कि, दल गांव -गांव जाएगा और अपूर्ण कार्यों को पूर्ण करने के लिए समय सीमा निर्धारित करेगा। साथ ही वे यह सुनिश्चित करेंगे कि कार्य निर्धारित समय में पूरा हो। मंत्री सिलावट ने निर्देश दिए कि सभी दल आगामी 7 दिन में अपना भ्रमण पूरा कर लें और रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इसके पश्चात दसवें दिन पुनः बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक के अंतर्गत कार्य में प्रोग्रेस नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई भी होगी।
कार्य शीघ्र पूरा करवाएं
मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि, कार्य में लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं होगी। पेयजल की उपलब्धता हमारी हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जल से ही जीवन जुड़ा हुआ है। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूलों, आंगनवाड़ी, उप स्वास्थ्य केंद्र एवं अन्य शासकीय संस्थाओं में भी नल कनेक्शन अनिवार्य रूप से देवें। उन्होंने कहा की सांवेर विधानसभा क्षेत्र में आने वाली शहरी क्षेत्र की कालोनियों की जल समस्या को निराकरण करने के लिए पृथक से बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी ने निर्देश दिए कि, अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का सघन भ्रमण कर कार्यों को देखें और कार्य शीघ्र पूरा करवाएं। वे पेयजल उपलब्धता को प्राथमिकता देवें। समस्या दिखाई देने पर तत्काल दूर करवाएं। समय सीमा का विशेष ध्यान रखें।
ये भी पढ़े- Indore के पास बड़वाह वन रेंज में बाघ की दहशत, पिकनिक मनाने पर लगी रोक












Click it and Unblock the Notifications