प्रवासी भारतीय दिवस और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारी, CM Shivraj की मौजूदगी में संवाद कार्यक्रम संपन्न
प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में अगले जनवरी माह में होने वाले प्रवासी भारतीय सम्मेलन और इन्वेस्टर्स समिट को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां जारी है। इन्हीं तैयारियों के संबंध में आज यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर के गणमान्य तथा प्रबुद्ध नागरिकों,व्यापारिक, औद्योगिक, धार्मिक तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के बारे में चर्चा की।

सीएम शिवराज ने कही ये बात
सीएम शिवराज ने कहा कि, यह इंदौर ही नहीं बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए एक गौरवशाली आयोजन है, और इसमें आप सब सक्रिय रूप से सहभागी बने। मुख्यमंत्री चौहान ने इंदौर में होने वाले आयोजनों की जानकारी देते हुए बताया कि, यहां चार महत्वपूर्ण कार्यक्रम होंगे। इनमें प्रवासी भारतीय सम्मेलन, इन्वेस्टर्स समिट, जी-20 की बैठकें और खेलों इंडिया जैसे महत्वपूर्ण आयोजन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि, इंदौर को मेहमान नवाजी का बेहतर अवसर मिला है। इस दुर्लभ अवसर को वह चुके नहीं और व्यवस्थाओं और स्वागत-सत्कार से अतिथियों के दिलों में ऐसी यादगार छाप छोड़ें, जिसे वे कभी नहीं भूल पायें।
इंदौर को दिया ये संदेश
इसी के साथ सीएम शिवराज ने कहा कि, मुझे विश्वास है कि, इंदौर दुनिया का दिल जीतेगा। सीएम चौहान ने कहा कि, इंदौर अब सिर्फ मेरे ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के सपनों का शहर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने भी इण्डोनेशिया में देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में आने का न्यौता दिया। सीएम चौहान ने कहा कि, विश्व में देश का नाम बढ़ाने वाले अतिथि इंदौर में आ रहे हैं। हमारा फर्ज बनता है कि हम उनके स्वागत-सत्कार में कोई कमी नहीं रखें। मेहमान जो हमारा होता है, वह जान से प्यारा होता है। अतिथि देवो भव:, हमारी परम्परा है। इस परम्परा के अनुरूप आयोजन को अविस्मरणीय बनायें। उन्होंने इंदौर के लोगों से कहा कि यह आपका अपना आयोजन है, इसमें सक्रिय रूप से भागीदार बनें और दुनिया को इंदौर की संस्कृति, जीवन मूल्य और परम्परा का बेहतर उदाहरण दिखायें।












Click it and Unblock the Notifications