इंदौर से पुलिस गिरफ्त में आया खरगोन हिंसा का आरोपी सेजू, NSA के तहत कार्रवाई
खरगोन, 22 अप्रैल: खरगोन में अब जहां धीरे-धीरे शांति स्थापित होती चली जा रही है, तो वहीं पुलिस उपद्रव में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई को अंजाम दे रही है. इस बीच पुलिस ने उपद्रव में शामिल एक आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार किया है. इंदौर के चंदन नगर से पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी सेजू पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई भी की गई है. खरगोन में हुए उपद्रव के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में सेजू उपद्रवियों को दिशा निर्देश देता नजर आ रहा था. वहीं इसके बाद से ही पुलिस को सेजू की तलाश थी. इधर, सेजू को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

मकान की छत पर खड़े होकर दे रहा था उपद्रव के निर्देश
Recommended Video
पुलिस के मुताबिक आरोपी सेजू पान की दुकान चलाता है. उपद्रव के दौरान सेजू अपने मकान की छत पर खड़ा था, जहां से वह पत्थरबाजों को दिशा निर्देश दे रहा था. सेजू के खिलाफ पहले भी कई प्रकरण दर्ज हैं, वहीं उपद्रव के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में सेजू उपद्रवियों को दिशा निर्देश देता भी नजर आ रहा था. इस दौरान वीडियो में सेजू के साथ और भी कई लोग नजर आ रहे थे, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है.
इबरिश की मौत के मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार
इबरिश की मौत के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं इस मामले में तीन आरोपी फिलहाल फरार चल रहे हैं. इबरिश 10 अप्रैल को हुए उपद्रव के बाद से लापता था, जिसके बाद इबरिश का शव इंदौर से मिला था.
उपद्रव में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई
उपद्रव में शामिल आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. उपद्रव में शामिल 106 फरार आरोपियों पर पुलिस ने 10 हजार का इनाम घोषित किया है. वहीं अब तक हिंसा में शामिल 154 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. मामले में अब तक 60 से ज्यादा एफ.आई.आर दर्ज की जा चुकी है, पुलिस ने उपद्रव में शामिल सभी आरोपियों की लिस्ट जारी कर दी है, जहां अब लिस्ट के आधार पर पुलिस इन आरोपियों की धरपकड़ कर रही है.












Click it and Unblock the Notifications