गौरव दिवस पर CM Shivraj ने लगाई सौगातों की झड़ी, विकास पथ पर रफ्तार भरेगा इंदौर!
इंदौर, 1 जून: प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर का गौरव दिवस बड़ी ही धूमधाम से मनाया गया, जहां शहर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इन आयोजनों में हिस्सा लेने सीएम शिवराज सिंह चौहान इंदौर आए थे, जहां उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हुए इंदौर शहर को कई सारी सौगातें दी. सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में देवी अहिल्या का विशाल स्मारक बनाने की घोषणा की, साथ ही उन्होंने इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा 24 करोड़ की लागत से राजेंद्र नगर में 1500 सीट ऑडिटोरियम का निर्माण करने और इस ऑडिटोरियम का नाम स्वर कोकिला स्वर्गीय लता मंगेशकर के नाम पर रखने की घोषणा की, इसी के साथ सीएम शिवराज ने इंदौर विकास प्राधिकरण के द्वारा सुपर कॉरिडोर पर स्टार्टअप पार्क का निर्माण जल्द होने की बात कही.

लंबे इंतजार के बाद मिली ब्रिज की सौगात
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर की विधानसभा 2 में 15 करोड़ की लागत से बने ब्रिज का लोकार्पण किया. साथ ही इस ब्रिज का नाम शूरवीर सेनापति सरदार हरी सिंह नलवा के नाम पर रखा गया. इसी के साथ सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कुलकर्णी का भट्टा कहे जाने वाली कॉलोनी का नाम कुलकर्णी नगर करने की घोषणा की.
विधानसभा 2 में बनेगा शासकीय अस्पताल
ब्रिज के लोकार्पण समारोह में शामिल हुए, सीएम शिवराज सिंह चौहान ने विधानसभा 2 के लिए विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा भी की, इस दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान ने आने वाले समय में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने और शासकीय अस्पताल का निर्माण करने की घोषणा की.
गौरव दिवस का दिन रहा घोषणाओं के नाम
कुल मिलाकर देखा जाए तो इंदौर गौरव दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने आए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शहर के विकास को लेकर तमाम तरह की घोषणा की, बहरहाल अब देखने वाली बात होगी कि सीएम शिवराज सिंह चौहान की ओर से की गई इन घोषणाओं पर कब तक अमल हो पाता है.












Click it and Unblock the Notifications