MP में रफ्तार पकड़ रहा नशा मुक्ति अभियान, लाखों की अवैध शराब को किया जा रहा नष्ट
मध्यप्रदेश में नशा मुक्ति को लेकर चलाया जा रहा अभियान अब रफ्तार पकड़ते हुए नजर आ रहा है जहां मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों से लगातार अवैध शराब पकड़ने का सिलसिला जारी है। नशा मुक्ति अभियान के तहत अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खरगोन जिले में कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम के आदेश व सहायक आयुक्त आबकारी निर्देशन में आबकारी विभाग अवैध मदिरा विक्रेताओं पर लगातार कार्रवाई कर रहा है।

इस तरह दिया कार्रवाई को अंजाम
जिले के वृत स, भीकनगांव आबकारी दल ने सहायक जिला आबकारी अधिकारी टीआर गंधारे के नेतृत्व में भीकनगांव वृत के ग्राम नीमखेड़ा, मिटावल, छेंदिया तथा आभापुरी में अवैध मदिरा विक्रेताओं एवं अड्डों पर दबिश दी। कार्रवाई में भीकनगांव के वृत प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक ने म.प्र. आबकारी अधिनियम की धारा 34 (1) क च के तहत 09 प्रकरण दर्ज कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में इन स्थानों से 120 लीटर हाथभट्टी मदिरा जप्त की, तथा करीब 2200 किलोग्राम महुआ लहान जप्त कर मौके पर नष्ट किया। आबकारी दल द्वारा जप्त की मदिरा का बाज़ार मूल्य लगभग 122000 रुपये है। कार्रवाई में वृत भीकानगांव व खरगोन स के आबकारी दल शामिल रहा।

इंदौर में भी चला अभियान
इंदौर जिले में मदिरा सहित अन्य मादक पदार्थों के अवैध रूप से विक्रय करने वालों के विरूद्ध मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर कलेक्टर मनीष सिंह के निर्देशन में की जा रही सख्त कार्रवाई जारी है। इसी तारतम्य में आबकारी विभाग के अमले द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुये बड़ी मात्रा में देशी तथा हाथ भट्टी शराब तथा महुआ लहान जप्त की गई। उक्त सामग्री का मूल्य 73 हजार रूपये से अधिक है। ज्ञात रहे है कि जिले में 17 अक्टूबर से लगातार प्रतिदिन कार्रवाई की जा रही है।

लगातार चल रहा अभियान
मध्यप्रदेश में इन दिनों लगातार नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है, जहां प्रदेश के अलग-अलग जिलों से अवैध शराब के साथ ही गांजा और भांग के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में मध्य प्रदेश के कई जिलों से मक्का और मिर्ची की फसल के बीच गांजे की खेती करने के मामले भी सामने आए थे, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लाखों की कीमत के गांजा पौधे बरामद किए थे। वहीं अब पुलिस अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications