MP: नर्मदा नदी में डूबा युवक, गोताखोर हिम्मत हारे तो MLA ने गहराई में जाकर निकाला शव
धार में नदी में युवक के डूबने की जानकारी मिलते ही विधायक पाचीलाल मेड़ा ने नदी में छलांग लगा दी, और गहराई से जाकर युवक का शव बाहर लेकर आए।

मध्यप्रदेश के धार जिले से हैरान कर देने वाला घटनाक्रम निकलकर सामने आया है, जहां महेश्वर के पास सहस्त्रधारा में अपने दोस्तों के साथ नर्मदा स्नान के लिए आया युवक पैर फिसलने से डूब गया. पुलिस और गोताखोरों की ओर से लगातार मशक्कत करने के बाद भी युवक नहीं मिला। वहीं नर्मदा नदी में युवक के डूबने की जानकारी मिलते ही विधायक पाचीलाल मेड़ा ने नदी में छलांग लगा दी, और गहराई से जाकर युवक का शव बाहर लेकर आए। वहीं अब विधायक पाचीलाल मेड़ा की संवेदनशीलता पूरी विधानसभा में चर्चा विषय का बनी हुई है।
कुछ ऐसा है घटनाक्रम
धार जिले के नालछा विकासखंड के ग्राम बिलोदा खुर्द से हनुमान जयंती के अवसर पर चार युवक नर्मदा स्नान के लिए महेश्वर के पास स्थित जलकोटी के समीप सहस्त्रधारा स्थान पर आए हुए थे, लेकिन शाम लगभग साढ़े 4 बजे के आसपास नर्मदा नदी में नहाने के दौरान अचानक युवक का पैर फिसल गया, और युवक गहरे पानी में चला गया. युवक के डूब जाने से साथ आए दोस्त और परिजन घबरा गए, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. वहीं जब देर रात तक डूबे हुए युवक की कोई जानकारी सामने नहीं आई तो परिजनों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोंरो और एसडीआरएफ की टीम के साथ रेस्क्यू शुरू किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
नदी में जाकर निकाला शव
घटनाक्रम के लगभग 16 घंटे बाद जब धरमपुरी विधायक पाचीलाल मेड़ा रोजाना की तरह पूजा के लिए नर्मदा किनारे पहुंचे तो उन्हें घटनाक्रम की जानकारी मिली, जिसके बाद संवेदनशीलता दिखाते हुए विधायक पाचीलाल मेड़ा अपने साथियों के साथ नदी में कूदे और लगभग 300 मीटर तक गहराई में जाकर युवक की तलाश की, तब कहीं जाकर युवक का शव नदी में मिला, जिसे विधायक और उनके साथियों ने बाहर निकाला। वहीं अब विधायक पाचीलाल मेड़ा के इस संवेदनशीलता की पूरे विधानसभा में चर्चा है। पाचीलाल मेढा की बात करें तो वह धार जिले की धरमपुरी विधानसभा से विधायक हैं, और लगातार जनता के बीच देखे जाते हैं। साथ ही साथ वे अपने अलग-अलग अंदाजों के चलते जनता के बीच लोकप्रिय भी हैं।
ये भी पढ़े- Khargone news: नर्मदा किनारे अवैध उत्खनन, खनिज विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई से माफियाओं में खलबली












Click it and Unblock the Notifications