खरगोन हिंसा में घायल शिवम की हालत में सुधार, प्रभारी मंत्री कमल पटेल ने परिजनों से की मुलाकात
खरगोन, 22 अप्रैल: खरगोन में एक ओर जहां धीरे-धीरे हालात सामान्य होते चले जा रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ हिंसा में घायल हुए शिवम की हालत में भी सुधार आ रहा है. हिंसा में घायल हुए शिवम को इंदौर के सीएचएल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां शिवम का इलाज जारी है. इस बीच प्रदेश के कृषि और जिले के प्रभारी मंत्री कमल पटेल ने खरगोन का दौरा किया, जहां उन्होंने घायल शिवम के परिजनों से मुलाकात की, मंत्री कमल पटेल ने घायल शिवम के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है, उधर इंदौर के सीएचएल अस्पताल में डॉक्टरों की टीम शिवम के हालात पर नजर बनाए हुए है.

धीरे-धीरे सुधर रही शिवम की हालत
इंदौर के सीएचएल अस्पताल में भर्ती शिवम की हालत में अब धीरे-धीरे सुधार हो रहा है. शिवम की हालत पर निगरानी रखने के लिए डॉक्टरों की विशेष टीम तैनात की गई है. शिवम को अब होश आ चुका है, जिसके बाद अब शिवम कुछ-कुछ बातों पर रिस्पांस भी कर रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक अब शिवम की हालत में धीरे-धीरे सुधार आने की संभावना है.
एसपी सिद्धार्थ चौधरी का जाना हाल
खरगोन जिले के दौरे पर आए प्रभारी मंत्री कमल पटेल ने हिंसा के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हुए एसपी सिद्धार्थ चौधरी का उनके निवास पर पहुंचकर हाल जाना. इस दौरान मंत्री कमल पटेल ने एसपी सिद्धार्थ चौधरी के स्वास्थ्य की जानकारी ली, साथ ही उन्होंने एसपी सिद्धार्थ चौधरी से बातचीत की, इस दौरान प्रभारी मंत्री कमल पटेल के साथ तमाम अधिकारी मौजूद रहे.
संवेदनशील क्षेत्रों में लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
प्रभारी मंत्री कमल पटेल ने खरगोन सर्किट हाउस में आईजी, डीआईजी, कलेक्टर और एसपी के साथ कानून व्यवस्था पर मंथन किया. इस दौरान प्रभारी मंत्री कमल पटेल ने कानून व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. साथ ही बैठक में शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का महत्वपूर्ण निर्णय भी हुआ. शहर में लगने वाले सभी कैमरे लगभग 60 लाख रुपए की राशि से लगाए जाएंगे.












Click it and Unblock the Notifications