'जनता की आशाओं पर खरे उतरें...' इंदौर से ओम बिरला का सभी दलों को खास संदेश
इंदौर के एक दिवसीय प्रवास के दौरान लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला का नागरिक अभिनन्दन किया गया। इस अवसर पर बिरला ने विश्व स्तर पर भारत के सशक्त नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि, आज के समय में विश्व की सबसे बड़ी चुनौतियों का समाधान भारत से निकल रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व को मार्गदर्शन दे रहा है। गत वर्ष भारत में आयोजित जी 20 सम्मेलन का उल्लेख करते हुए बिरला ने कहा कि, भारत के नेतृत्व में इस सम्मलेन में ऐतिहासिक और निर्णायक फैसले लिए गए।

उन्होंने आगे कहा कि, पूर्व में जी 20 देश आपस में मिलकर कोई एजेंडा नहीं तय कर पा रहे थे, लेकिन भारत के नेतृत्व में विश्व ने महसूस किया कि देश और दुनिया की चुनौतियां का समाधान वसुधैव कुटुंबकम की संस्कृति से निकल सकता है। उन्होंने आगे कहा कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करते हुए भविष्य में आने वाले चुनौतियों के सामूहिक समाधान की प्रेरणा भारत ने विश्व को दी है।
बिरला ने 18 वी लोक सभा के सभी दलों का आव्हान किया कि वे संसद में उच्च कोटि की चर्चा करें और जनता कि आशाओं पर खरे उतरे। विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के महोत्सव का उल्लेख करते हुए बिरला ने कहा कि, 60 करोड लोगों का निष्पक्ष और निर्बाध मतदान और सहज रूप से सत्ता का स्थानांतरण भारत के लोकतंत्र की ताकत है जिसे पूरी दुनिया ने देखा है। उन्होंने आगे कहा कि, भारत में एक एक वोट के लिए चुनाव आयोग प्रयासरत रहता है और देश के कोने कोने में सफल और सहज मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करता है। बिरला ने कहा कि, मतदान के द्वारा स्वतंत्र रूप से लोग अपने विचार व्यक्त करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि, इस चुनाव प्रक्रिया ने दुनिया में संदेश दिया है कि संसदीय लोकतंत्र से ही लोगों के विचारों की अभिव्यक्ति सुनिश्चित होती है।
बिरला ने कहा कि, दुनिया के हर चुनौती का समाधान भारत से निकल रहा है। जलवायु परिवर्तन को विश्व के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए बिरला ने कहा कि, प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने पर्यावरण के अनुकूल जीवन शैली आंदोलन का मंत्र दुनिया को दिया। उन्होंने आगे कहा कि, हर व्यक्ति की जीवन शैली पर्यावरण के अनुकूल होनी चाहिए। बिरला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस मन्त्र को जन आंदोलन बनाने पर ज़ोर दिया।
इंदौर की सराहना करते हुए बिरला ने कहा कि, जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए और पर्यावरण को संरक्षित करने का संकल्प इंदौर ने लिया है जो इंदौर वासियों के जन आंदोलन बन गया है। इंदौर की स्वच्छता की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि, इंदौर के लोगों ने स्वच्छता को जन आंदोलन बनाया है जिसके कारण यह शहर भारत का सबसे स्वच्छ शहर है। जनप्रतिनिधियों का आव्हान करते हुए बिरला ने कहा कि, जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए हर जनप्रतिनिधि को पर्यावरण की सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली को अपनाना पड़ेगा।
ये भी पढ़े- Indore News: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने लगाया पौधा, बोले- इंदौर मिसाल बन गया है












Click it and Unblock the Notifications