Indore हादसे का जिम्मेदार कौन?, नगर निगम से नोटिस मिलने के बाद भी नहीं जागा ट्रस्ट, हो गई अनहोनी
मध्यप्रदेश के इंदौर में पटेल नगर स्थित बालेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर पर बावड़ी धसने से 35 लोगों की मौत हो गई तो वहीं कई लोग गंभीर घायल हो गए। साथ ही मंदिर ट्रस्ट पर अवैध निर्माण के आरोप भी लगे हैं.

प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में बड़ा हादसा हो गया, जहां पटेल नगर स्थित बालेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर पर बावड़ी धसने से 35 लोगों की मौत हो गई तो वहीं कई लोग गंभीर घायल हो गए। उधर, अब हादसे के बाद अलग-अलग तरह की जानकारियां निकल कर सामने आ रही है, जिसमें यह बताया जा रहा है कि जिस मंदिर में यह हादसा हुआ है उस मंदिर के ट्रस्ट को रहवासियों की शिकायत के आधार पर नगर निगम ने अवैध निर्माण का नोटिस दिया था। इस नोटिस का जवाब देते हुए ट्रस्ट ने मंदिर में किसी तरह का कोई अवैध निर्माण नहीं होने की बात कही थी, साथ ही बावड़ी खोल देने का भरोसा भी दिलाया था, लेकिन लगातार नोटिस मिलने के बाद भी ट्रस्ट ने इस और ध्यान नहीं दिया, और श्रद्धालु अनहोनी का शिकार हो गए।
लोगों को नहीं पता था कि बावड़ी पर बैठे हैं
जानकारी के मुताबिक मंदिर ट्रस्ट ने लगभग 30 साल पहले यह बावड़ी को अवैध तरीके से ढक दिया था, जिसके बाद लोग बावड़ी के ऊपर बने मंदिर में अक्सर पूजा अर्चना किया करते थे। रामनवमी के दिन भी कुछ इसी तरह लोग पूजन के लिए मंदिर पहुंचे थे, लेकिन यह हादसा घटित हो गया। बताया जा रहा है कि, लोगों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह जिस जगह पर बैठे हैं, उस जगह पर बावड़ी को ढका गया है। वहीं जब रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा था तो बावड़ी में बार-बार पानी भर जाने से समस्याओं का सामना करना पड़ा। वहीं देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सेना ने कई शव बावड़ी से बाहर निकाले।
कुछ इस तरह हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, जिस मंदिर में यह हादसा हुआ है। वह लगभग 60 साल पुराना है। शहर के सपना संगीता रोड स्थित स्नेह नगर में स्थित इस मंदिर में राम नवमी के अवसर पर 50 से ज्यादा लोग बावड़ी की छत पर बैठकर हवन कर रहे थे, तभी अचानक वजन ज्यादा होने से बावड़ी पर डली छत धंस गई, जिसके चलते बावड़ी पर बैठे 50 से ज्यादा लोग बावड़ी में समा गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया, जिसमें लगभग 50 से ज्यादा लोगों को बाहर निकाला गया है, जिनमें से 35 लोगों की मौत हो गई, तो वहीं 18 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
ये भी पढ़े- Indore temple accident: केंद्र सरकार ने किया मुआवजे का एलान, मृतक के परिजनों और घायलों को मिलेगी मदद












Click it and Unblock the Notifications