Indore news : बदमाशों ने ATM को बनाया निशाना, गार्ड ने रोका तो मारा हथौड़ा
मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में बदमाशों के हौसले बुलंद होते चले जा रहे हैं, जहां औद्योगिक नगरी पीथमपुर से एटीएम लूटपाट का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हिला कर रख दिया। यह वारदात इंदौर के पास पीथमपुर में हुई, जहां एटीएम लूट करने आए बदमाशों ने सुरक्षाकर्मी की हत्या कर दी। सुरक्षाकर्मी ने अपने आखिरी सांस तक एटीएम को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह नाकामयाब रहा। यह पूरा घटनाक्रम एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

कुछ इस तरह हुआ पूरा घटनाक्रम
यह पूरा घटनाक्रम पीथमपुर के सेक्टर 1 थाना के अंतर्गत हुआ, जहां महु नीमच रोड़ पर स्थित एटीएम में हलचल होने का पता सर्वर रूम में चला, जिसके बाद बैंक मैनेजर ने तुरंत पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची वैसे ही आरोपी फरार हो गए, लेकिन एटीएम के अंदर पड़ा खून वारदात की हकीकत बयां कर रहा था, जहां पुलिस ने घायल सुरक्षाकर्मी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही सुरक्षाकर्मी ने दम तोड़ दिया था। उधर, पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है, जहां सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सुरक्षाकर्मी ने की एटीएम बचाने की कोशिश
एटीएम में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो उस में पता चला कि, सुरक्षाकर्मी ने बदमाशों से एटीएम को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी इस कोशिश में नाकामयाब रहा, जहां बदमाशों ने सुरक्षाकर्मी के सिर पर हथोड़ा मार कर और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है की आरोपी मुंह पर कपड़ा बांधकर एटीएम में घुसे थे। आरोपियों की पहचान तो नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस ने मैनेजर की शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
लगातार सामने आ रहे मामले
जानकारी के मुताबिक पीथमपुर में लगातार लूट के मामले बढ़ते चले जा रहे हैं जहां बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद है कि बदमाश एटीएम जैसी लूट की बड़ी वारदातों को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं. उधर अब एटीएम लूट की वारदात के बाद पुलिस प्रशासन भी सख्त नजर आ रहा है, जहां पुलिस अब रात्रि गश्ती बढ़ाएगी। बता दें कि पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण, यहां औद्योगिक गतिविधियों का संचालन होता है, जिसके चलते यहां लगातार पुलिस की पैनी नजर बनी रहती है।












Click it and Unblock the Notifications