Indore news: गरीबों को आवास बनाने में अधिकारी करेंगे मदद, कमिश्नर ने दिए निर्देश
संभागायुक्त मालसिंह ने इंदौर संभाग के सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होने निर्देश दिये कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनने वाले आवास निर्माण में गरीबों की मदद करें। उन्हें पूरा तकनीकी मार्गदर्शन दें और भवन निर्माण की सामग्री जुटाने में भी मदद करें।
संभागायुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा ली गई बैठक में नगरीय निकायों में चल रहे स्वच्छता सर्वेक्षण की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी नगरीय निकाय के समस्त अमले के साथ सक्रिय रहें और अपने नगरों को स्वच्छ व सुंदर बनायें।

बैठक में दिए ये निर्देश
बैठक में बताया गया है कि, संभाग के विभिन्न नगरीय निकायों में लगभग 88 हज़ार आवासों का निर्माण हो रहा है। संभागायुक्त मालसिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा के अनुरूप अवैध कॉलोनी की व्यवस्थित बसाहट बनाते हुए वैध करने की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि, इस संबंध में 15 दिवस के भीतर सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारी प्रारंभिक प्रकाशन जारी कर दें। निराश्रितों के रात्री आवास के लिए मध्यप्रदेश शासन द्वारा विभिन्न नगरीय निकायों में आश्रय स्थल बनाए गए हैं।
संभागायुक्त ने कही ये बात
संभागायुक्त मालसिंह ने कहा कि, सभी आश्रय स्थल अच्छे से संचालित होने चाहिए और यहाँ दीनहीनों का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। बताया गया कि खंडवा, ओंकारेश्वर, खरगोन, महेश्वर, अलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर में नगरीय क्षेत्रों में ये आश्रय स्थल संचालित हैं। संभागायुक्त ने कहा कि सभी सीएमओ इन आश्रय स्थलों का वीडियो बनाकर मुझे भेजें।संभागायुक्त द्वारा दीनदयाल अंत्योदय रसोई योजना की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि संभाग में सभी नगरीय निकायों में इस योजना के तहत सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। संभागायुक्त द्वारा कायाकल्प अभियान की भी समीक्षा की गई और इसके तहत सभी निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता के निर्देश दिए।
ये भी पढ़े- Sawan 2023: श्रद्धालुओं के उज्जैन आगमन का आंकड़ा 1 करोड़ पार, कितनी देर में हो रहे महाकाल दर्शन, जानिए?












Click it and Unblock the Notifications