इंदौर के नाम हुआ एक और अवार्ड, कलेक्टर मनीष सिंह को मिलने जा रहा प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार
इंदौर, 20 अप्रैल: स्वच्छता में नंबर वन शहर इंदौर के कलेक्टर मनीष सिंह को उत्कृष्ट कार्यो के लिए प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है. कलेक्टर मनीष सिंह को यह पुरस्कार वर्ष 2020 में लोक प्रशासन में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सिविल सेवा दिवस के अवसर पर दिया जा रहा है. यह पुरस्कार कलेक्टर मनीष सिंह को राजधानी दिल्ली में दिया जाएगा. कोविड के चलते पिछले 2 वर्षों से यह पुरस्कार घोषित नहीं हो पाया था. इस पुरस्कार को ग्रहण करने के लिए कलेक्टर मनीष सिंह दिल्ली पहुंच चुके हैं.

चुनिंदा आईएएस अधिकारियों को मिलता है पुरस्कार
उत्कृष्ट कार्यों के लिए चुनिंदा आईएएस अधिकारियों को यह पुरस्कार दिया जाता है. स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से जन आंदोलन को बढ़ावा - जन भागीदारी के तहत इंदौर का चयन करते हुए केंद्र सरकार की ओर से कलेक्टर मनीष सिंह को इस क्षेत्र में प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार दिया जा रहा है. इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह को मिलने वाले इस सम्मान को लेकर अधिकारियों के साथ-साथ शहरवासियों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है.
कलेक्टर ने सफाई कर्मियों और जनता को समर्पित किया पुरस्कार
प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार मिलने को लेकर कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि, जिले के जनप्रतिनिधियों, शहर वासियों और सफाई कर्मियों की सक्रिय सहभागिता देश में उदाहरण बन चुकी है. साथ ही कलेक्टर मनीष सिंह ने यह पुरस्कार शहर के सफाई कर्मियों और जनता को समर्पित किया है. जानकारी के अनुसार यह पुरस्कार केंद्र सरकार की ओर से प्रत्येक राज्य के रेसीडेंट कमिश्नर के माध्यम से पुरस्कृत अधिकारियों को दिया जाएगा.
इंदौर को स्वच्छता में नंबर वन बनाने में अहम योगदान
स्वच्छता का पंच लगा चुके शहर इंदौर को नंबर वन बनाने में कलेक्टर मनीष सिंह का अहम योगदान रहा है, जहां कलेक्टर मनीष सिंह ने बतौर निगमायुक्त रहते हुए शहर को स्वच्छ बनाने के लिए एक बड़ा जन जागरण अभियान चलाया, जिसका परिणाम रहा कि इंदौर स्वच्छता सर्वेक्षण में लगातार पांच बार नंबर एक के पायदान पर बना रहा. वहीं अब इंदौर शहर स्वच्छता का छक्का लगाने की तैयारी कर रहा है.












Click it and Unblock the Notifications