IND vs PAK: आवेश खान के घर मना जीत का जश्न, शानदार गेंदबाजी कर लिया विकेट
इंदौर, 29 अगस्त: क्रिकेट प्रेमियों के लिए रविवार की शाम बेहद ही खास रही, जहां क्रिकेट प्रेमियों को एक शानदार मुकाबला देखने मिला, जिसमें एशिया कप T20 क्रिकेट में भारत का आमना-सामना पाकिस्तान की टीम के साथ हुआ। इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी है। वहीं इस क्रिकेट मैच में एक खिलाड़ी ऐसा भी था, जो मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर का रहने वाला है। जी हां, आपने ठीक पहचाना इस खिलाड़ी का नाम है आवेश खान। भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे मुकाबले में सभी की नजरें तेज गेंदबाज आवेश खान पर थी, जहां इस मुकाबले में आवेश ने अपना अच्छा प्रदर्शन करते हुए विकेट लेने में सफलता हासिल की है। वहीं भारत की जीत के बाद क्रिकेटर आवेश खान के घर भी जश्न मना।

कुछ ऐसा रहा आवेश का प्रदर्शन
तेज गेंदबाज आवेश खान ने भारत और पाकिस्तान के बीच हुए महा मुकाबले में अपनी गेंदबाजी का दम दिखाते हुए पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज फखर ज़मान को आउट कर दूसरा विकेट लिया। फखर ज़मान 10 रन की पारी खेल आवेश की गेंद पर आउट हो गए। आवेश खान को यह सफलता छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर मिली, जहां आवेश खान की गेंद पर शॉट लगाने से चूके जमान के बल्ले से गेंद टच होकर विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के दस्तानों में चली गई।

शहर में मना जीत का जश्न
भारत और पाकिस्तान के बीच हुए महा मुकाबला को देखने के लिए क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखा गया, जहां जैसे ही इस रोमांचक मुकाबले में भारत ने जीत हासिल की, वैसे ही क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह की लहर दौड़ गई, जहां क्रिकेट प्रेमी जीत का जश्न मनाने शहर के राजवाड़ा जा पहुंचे। क्रिकेट प्रेमियों में जीत का जोश इतना था कि देर रात लगभग 12 बजे भी शहर की सड़कें जाम हो गई, जहां चारों तरफ से खेल प्रेमी हाथों में तिरंगा झंडा लेकर शहर की मध्य स्थली राजवाड़ा पहुंच रहे थे। वहीं खेल प्रेमियों ने यहां एक दूसरे को बधाई देकर जीत का जश्न मनाया।

आवेश के घर मना जश्न
भारत-पाकिस्तान मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज आवेश खान के घर भी उत्साह का माहौल देखने मिला, जहां उनके परिवारजनों ने एक दूसरे को बधाई देकर और मिठाई खिलाकर इससे जीत की बधाई दी। साथ ही आवेश के परिजन आवेश के प्रदर्शन को लेकर खासे उत्साहित दिखाई दे रहे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी आवेश खान के घर भी पहुंच रहे थे, जहां क्रिकेट प्रेमी आवेश के परिवारजनों को बधाई देते नजर आ रहे थे।

अब तक ऐसा रहा आवेश के क्रिकेट का सफर
प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के रहने वाले आवेश खान, युवा तेज गेंदबाज हैं, जहां आवेश खान लगातार अपने शानदार प्रदर्शन से सभी को हैरान कर रहे हैं। इससे पहले भी आवेश खान अलग-अलग क्रिकेट सीरीज में अपना शानदार प्रदर्शन कर अपनी गेंदबाजी का दम दिखा चुके हैं, तो वहीं अब एशिया कप के पहले मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ आवेश खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए एक-एक सफलता हासिल की है । वहीं अब आवेश की शानदार गेंदबाजी चर्चा का विषय बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications