स्वतंत्रता दिवस पर गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का अलग अंदाज, स्कूली बच्चों के साथ किया भोजन
इंदौर, 15 अगस्त: देशभर में स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व का हर्षोल्लास देखने मिल रहा है, जहां देशवासी बड़े ही उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस का पर्व मना रहे हैं। इंदौर जिले के प्रभारी और गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इंदौर के महाराणा प्रताप नगर स्थित अहिल्या आश्रम शासकीय विद्यालय क्रमांक-2 में पहुंचकर बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन किया। इस अवसर पर कलेक्टर मनीष सिंह, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी वंदना शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी विशेष रूप से मौजूद थे। बच्चों को आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मध्यान्ह भोजन में विशेष रूप से खीर, पूरी, लड्डू, छोले की सब्जी आदि परोसे गए। मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।

मुख्य समारोह में शामिल होकर किया झंडा वंदन
प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया गया। आरएपीटीसी ग्राउंड महेश गार्ड लाइन परिसर में आयोजित हुए मुख्य समारोह में प्रदेश के गृहमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने ध्वजारोहण किया, और परेड की सलामी ली। इसी के साथ उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी है। आयोजित मुख्य समारोह में विभिन्न विभागों के दल परेड में शामिल हुए, इसमें मुख्य रूप से बीएसएफ, आरएपीटीसी, फर्स्ट बटालियन, 15 वीं बटालियन, होमगार्ड, जिला पुलिस बल के महिला और पुरुष बल, स्काउट, रेड क्रॉस दल मुख्य रूप से मौजूद रहे।
विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए गृह मंत्री
प्रदेश के गृह मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा इंदौर दौरे पर हैं, जहां उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रभारी मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सबसे पहले रुस्तमजी सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (आरएपीटीसी) परेड मैदान पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं इसके बाद मंत्री डॉ. मिश्रा शासकीय महाराणा प्रताप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अहिल्या आश्रम-2 बाणगंगा में बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में शामिल हुए। तत्पश्चात वे कैट व्यापारी संस्था द्वारा मुसाखेड़ी चौराहे पर आयोजित तिरंगा यात्रा का शुभारंभ करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications