रणजी का रण जीतकर लौटे खिलाड़ियों का ऐतिहासिक स्वागत, तस्वीरों में देखिए जीत का उत्साह
इंदौर, 28 जून: रणजी ट्रॉफी जीतकर इतिहास कायम करने वाली मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम के युवा खिलाड़ियों का प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में ऐतिहासिक स्वागत हुआ। रणजी ट्रॉफी के सुनहरे पन्ने पर जीत का इतिहास रचने वाली क्रिकेट टीम के स्वागत को लेकर शहर के आम नागरिकों और खेल प्रेमियों ने खास तैयारी की हुई थी। वहीं देर शाम जैसे ही युवा खिलाड़ियों का इंदौर आगमन हुआ, वैसे ही आमजन और क्रिकेट प्रेमियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। विमानतल से निकलते ही क्रिकेट प्रेमियों में रणजी खिलाड़ियों के स्वागत को लेकर मानो होड़ मच गई, जहां हर कोई रणजी क्रिकेट के इतिहास में रिकॉर्ड दर्ज करा कर लौटे इन युवा खिलाड़ियों का स्वागत करना चाहता था। विजेताओं के स्वागत के लिए सियासत से लेकर खेल तक और उद्योग जगत से लेकर शिक्षा जगत के दिग्गज तक एकत्रित हुए थे।
Recommended Video

खिलाड़ियों को मिला सितारों जैसा सम्मान
रणजी क्रिकेट के इतिहास में नया रिकॉर्ड कायम कर लौटी टीम को सितारों जैसा सम्मान इंदौर की जनता और खेल प्रेमियों ने दिया जहां जोरदार स्वागत के साथ हर कोई इन युवा खिलाड़ियों के साथ सेल्फी और फोटोग्राफ्स लेना चाहता था इस दौरान खिलाड़ियों के परिवार के लोग भी उनका स्वागत करने पहुंचे थे। स्वागत समारोह के दौरान सभी ने इस युवा टीम की जोशीली अगवानी की, एक बार शहर की परंपरा को कायम रखा।

विजयवर्गीय ने टीम के साथ खिंचवाई फोटो
रणजी क्रिकेट में इतिहास कायम कर इंदौर लौटी क्रिकेट टीम का स्वागत करने इंदौर की जनता और खेल प्रेमियों के साथ सियासत के दिग्गज भी पहुंचे, जिनमें मुख्य रूप से बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला समेत तमाम जनप्रतिनिधि नजर आ रहे थे। इस दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों और कोच के साथ फोटो भी खिंचवाई।

मुंबई को हराकर जीता रणजी का खिताब
मध्य प्रदेश की टीम ने रणजी ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में मुंबई को करारी शिकस्त देते हुए टूर्नामेंट जीत लिया। इस जीत के बाद प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में खेल प्रेमियों ने जहां जीत का जश्न मनाया, तो वहीं क्रिकेट टीम का जोरदार स्वागत भी किया है।
ये भी पढ़े- रणजी के रण में MP की महाविजय का इंदौर में मना जश्न, टीम का होगा ऐतिहासिक स्वागत!












Click it and Unblock the Notifications