Indore News: स्टॉल लगाकर झंडे बाटेगी BJP, कुछ इस तरह सफल होगा 'हर घर तिरंगा अभियान'
इंदौर में जावरा कंपाउंड स्थित भाजपा कार्यालय पर हर घर तिरंगा अभियान को लेकर नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया, रणदिवे ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारत का तिरंगा लहरा रहा है।
रणदिवे ने बताया की, तिरंगा हमारी पहचान है और हर भारतवासी का गौरव है। इसे देखकर हर देशवासी के मन में राष्ट्रीयता की भावना जागृत हो जाती है। इसी दृष्टि से भारतीय जनता पार्टी द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं का प्रयास रहेगा कि नगर के 1 लाख से अधिक परिवारों तक तिरंगा ध्वज पहुंचे और उसे हर घर पर फहराया जाए, लगभग एक सप्ताह का यह अभियान 11 अगस्त से शुरू होकर 15 अगस्त तक चलेगा। अभियान में सरकार, समाज के साथ पार्टी संगठन की भूमिका होगी। समाज का हर वर्ग इस अभियान में सहभागिता करे, इसकी चिंता पार्टी कार्यकर्ता करेंगे।
रणदिवे ने आगे कहा कि, हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत तिरंगा यात्राओं और महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ होगी। युवा मोर्चा द्वारा 11, 12 व 13 अगस्त को नगर की प्रत्येक विधानसभा में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। 12, 13, 14 अगस्त को स्वतंत्रता सेनानियों के स्मारकों पर माल्यार्पण किया जाएगा।
इस अभियान के दौरान 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस मनाया जाएगा। देश के विभाजन की विभीषिका में करीब 1.5 करोड़ परिवार विस्थापित हुए, लगभग 6 लाख लोग मारे गए। 1 लाख से अधिक महिलाओं से दुष्कर्म की घटनाएं हुईं, लेकिन ये काला अध्याय अधिकांश युवाओं की जानकारी में नहीं है। विभाजन की त्रासदी से देशवासियों को अवगत कराने तथा इसके लिए जिम्मेदार विघटनकारी ताकतों के प्रति देश को सतर्क करने के उद्देश्य से 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस पर प्रदर्शनियों, गोष्ठियों तथा अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा 'हर घर तिरंगा' अभियान को सभी बूथों तक पहुंचाने के लिए प्रदेश स्तर से लेकर जिला और मंडल स्तर तक समितियों का गठन किया गया है। इसके साथ ही इस आयोजन को ऐतिहासिक एवं प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक स्तर पर बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। रणदिवे ने आगे कहा कि, इस अभियान में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ पार्टी के सांसद, विधायक, महापौर एवं समस्त जनप्रतिनिधि इसमें शामिल होंगे। अभियान के लिए पर्याप्त मात्रा में तिरंगे ध्वज उपलब्ध हो सकें, इसकी योजना बनाई जा रही है और आवश्यक होने पर इसके लिए स्व सहायता समूह की बहनों का सहयोग भी लिया जाएगा। साथ ही घर-घर जाकर तिरंगा वितरण के अलावा विधानसभा एवं वार्डों में स्टाल लगाकर भी तिरंगे वितरित किए जाएंगे।
हर घर तिरंगा अभियान भारत के स्वाभिमान एवं देश की शान तिरंगे को हर घर फहराने की राष्ट्र प्रेम की उस भावना को जागृत करने के इस अभियान में पार्टी ही नहीं बल्कि समाज, देश, प्रदेश सहित इंदौर महानगर की जनता की सहभागिता को भी सुनिश्चित करना है।
ये भी पढ़े- MP में बनेगा खास रिकॉर्ड, लाड़ली बहनों को फिर से मिलेगी बड़ी सौगात












Click it and Unblock the Notifications