Diwali 2022 : दीवाली पर MP के लक्ष्मी मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतार, सुख-समृद्धि और वैभव की कामना
मध्यप्रदेश में दीपावली पर्व को लेकर अच्छा खासा उत्साह देखने मिल रहा है, जहां प्रदेश भर के लक्ष्मी मंदिरों के बाहर बड़ी संख्या में श्रद्धालु नजर आ रहे हैं। श्रद्धालु, माता लक्ष्मी के दर्शन करने और उन्हें दीपावली पर्व पर अपने घर आमंत्रित करने के लिए हर वर्ष मंदिर पहुंचते हैं। प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के राजवाड़ा स्थित माता लक्ष्मी मंदिर में भी कुछ इसी तरह का नजारा देखने मिला। इसी के साथ प्रदेश के अलग-अलग शहरों में स्थित लक्ष्मी मंदिरों में भी यही स्थिति है, जहां भक्त माता लक्ष्मी के दर्शन प्राप्त कर उन्हें दीपावली पर अपने घर आमंत्रित कर रहे हैं।

कुछ इस तरह की है मान्यता
माता लक्ष्मी के दर्शन प्राप्त करने और उन्हें अपने घर आमंत्रित करने पहुंचे श्रद्धालुओं की मानें तो दीपावली पर्व पर माता लक्ष्मी की पूजन अर्चन और दर्शन करने से धन-धान्य और वैभव की प्राप्ति होती है। साथ ही जब घरों में माता लक्ष्मी का पूजन होता है, तब इससे पहले मंदिर में दर्शन कर उन्हें घर आने के लिए आमंत्रित किया जाता है, जिसके बाद जब शाम को घरों में माता लक्ष्मी की पूजा और आराधना होती है तब माता लक्ष्मी भक्तों के घर पहुंचती हैं, दीपावली पर्व पर माता लक्ष्मी की आराधना का विशेष महत्व होता है। यही कारण रहता है कि, प्रदेश भर के मंदिरों में इस दिन भक्तों की भारी संख्या नजर आती है।

दीपावली पर्व का उत्साह
कोरोना संक्रमण के 2 साल बाद दीपावली का पर्व बगैर पाबंदी मनाया जा रहा है। यही कारण है कि, अबकी बार सभी लोगों में दीपावली पर्व को लेकर अच्छा खासा उत्साह नजर आ रहा है। दीपावली पर्व पर भी सुबह से ही बाजारों में भीड़ नजर आ रही है, जहां लोग अपनी - अपनी जरूरतों का सामान खरीदने बाजारों में पहुंच रहे हैं तो वहीं देर शाम माता लक्ष्मी की पूजा अर्चना करने के बाद आतिशबाजी का दौर भी शुरू होगा, जहां लोग एक दूसरे से मिलकर दीपावली की शुभकामना देंगे तो वहीं आतिशबाजी भी करेंगे।

अच्छे खासे व्यापार की उम्मीद
व्यापारियों की मानें तो दीवाली का पर्व हर साल अच्छा खासा व्यापार देकर जाता है। यही कारण है कि, अबकी बार भी व्यापारियों को दीवाली पर अच्छा खासा व्यापार होने की संभावना है। दीवाली पर प्रमुख तौर से बर्तन और सोना चांदी के आभूषण खरीदने का महत्व है। यही कारण है कि, लोग इन दिनों सराफा और बर्तन बाजार पहुंचकर खरीददारी करते नजर आते हैं। वहीं अब दोनों ही बाजार सज धज कर ग्राहकों के स्वागत के लिए तैयार नजर आ रहे हैं, जहां व्यापारियों ने अलग-अलग स्कीम और ऑफर्स भी निकाले हैं।

इन बाजारों में आतिशबाजी प्रतिबंधित
मध्यप्रदेश में दीपावली पर्व को लेकर तैयारियों का सिलसिला जारी है तो वहीं प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में एमटी क्लॉथ मार्केट और आसपास के क्षेत्र में 22 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक पटाखा चलाने को रोकने के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह आदेश धारा 144 के अंतर्गत जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार एमपी क्लॉथ मार्केट, शीतलामाता बाजार मुख्य सड़क सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार के पटाखे नहीं फोड़ने जा सकेंगे, और ना ही आतिशबाजी की जा सकेगी। इसी तरह सराफा बाजार, खजूरी बाजार, मालवा मिल चौराहा, पाटनीपुरा चौराहा, सियागंज और महारानी रोड क्षेत्र में भी पटाखों और आतिशबाजी पर प्रतिबंध रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications