Indore news: शहर कांग्रेस अध्यक्ष की घोषणा, कौन हैं सुरजीत सिंह चड्ढा जिन्हें मिली जिम्मेदारी, जानिए?
मध्यप्रदेश में इन दिनों कांग्रेस मिशन 2023 की तैयारी में जुटी हुई नजर आ रही है, जहां इस बीच मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से सियासत का गढ़ कहे जाने वाले शहर इंदौर के लिए शहर कांग्रेस अध्यक्ष की घोषणा कर दी गई है। लंबे इंतजार के बाद हुई इस घोषणा के तहत कांग्रेस नेता सुरजीत सिंह चड्ढा को शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया है।
देर शाम हुई घोषणा के अंतर्गत सुरजीत सिंह चड्ढा को शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है, तो वहीं अरविंद बागड़ी और विशाल अग्निहोत्री को प्रदेश महासचिव बनाया गया है। लंबे वक्त से शहर कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति का इंतजार किया जा रहा था, जहां यह इंतजार गुरुवार की शाम उस वक्त खत्म हुआ, जब सुरजीत सिंह चड्ढा को शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कौन हैं सुरजीत सिंह चड्ढा?
सुरजीत सिंह चड्ढा इंदौर में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में से एक माने जाते हैं, जहां सुरजीत सिंह चड्ढा के पिता स्वर्गीय उजागर सिंह चड्ढा भी कांग्रेस के शहर अध्यक्ष रह चुके थे, तो वहीं सुरजीत सिंह चड्ढा ने कांग्रेस के तमाम पदों पर रहकर पार्टी के लिए निष्ठावान कार्यकर्ता की तरह काम किया है। सुरजीत सिंह चड्ढा ने साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव के अंतर्गत विधानसभा चार से बतौर कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वहीं वर्तमान में सुरजीत सिंह चड्ढा विधानसभा चार के प्रभारी के रूप में काम कर रहे थे, तो वहीं अब सुरजीत सिंह चड्ढा को पार्टी ने नई जिम्मेदारी देते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनाया है।
ऐसा रहा पूरा सियासी घटनाक्रम
कुछ महीनों पहले हुई नियुक्ति में अरविंद बागड़ी को इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। अरविंद बागड़ी को विनय बाकलीवाल की जगह शहर अध्यक्ष बनाया गया था, लेकिन कुछ ही समय बाद कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल की ओर से आदेश जारी कर दिया गया, जिसमें अगले आदेश तक इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की नियुक्ति पर रोक लगा दी गई। वहीं इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी को जिला स्तर पर दिए गए संगठनात्मक कार्यक्रमों के संपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रभारी महेंद्र जोशी को अधिकृत किया था। वहीं अब सुरजीत सिंह चड्ढा को शहर अध्यक्ष बनाया गया है।
ये भी पढ़े- Indore news: कांग्रेस के प्रदर्शन में पैसे देकर भीड़ बुलवाने का आरोप, नेता प्रतिपक्ष ने दिया ये जवाब












Click it and Unblock the Notifications