Indore News: फुटपाथ पर गाड़ी पार्किंग करने वाले हो जाएं सावधान, वरना हो सकते हैं परेशान
इंदौर शहर में यातायात सुधार के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जायेगा। अभियान के तहत सड़कों और फुटपाथ पर कब्जा कर यातायात बाधित करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी।
पहले दुकानदारों और व्यवसायिक संस्थानों को तीन दिन की चेतावनी दी जा रही है कि वे अपना सामान और कब्जा फुटपाथ से हटा लेंवे। इसके बाद मुहिम चलाकर सामान जब्ती और कब्जा हटाने की कार्यवाही की जायेगी।

इसके बाद पुन: सामान रखने और कब्जा करने वालों की दुकाने/व्यावसायिक संस्थान सील किये जायेंगे। प्रथम चरण में शहर की 15 सड़कों को इस कार्यवाही के लिए चिन्हित किया जा रहा है। साथ ही शहर से लम्बी दूरी की यात्री बसों का संचालन प्रतिबंधित किया जायेगा। लम्बी दूरी की चलने वाली यात्री बसों के अवैध बस स्टैण्ड शहर के बाहर संचालित करना होंगे। इन बसों के संचालन के लिए नायता मुण्डला स्थित बस स्टैण्ड का विकल्प बस संचालकों को दिया गया है।
यह जानकारी यहां कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दी गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री शिवम वर्मा, डीसीपी ट्राफिक अरविन्द तिवारी, स्मार्ट सिटी के सीईओ दिव्यांक सिंह, अपर आयुक्त नगर निगम अभिलाष मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में बताया गया कि, अभियान के तहत कार्यवाही के लिए जिला प्रशासन, यातायात पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों के दल बनाये गए है। यह कार्यवाही शनिवार से प्रारंभ होगी। कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि, सड़कों और फुटपाथ पर अवैध रूप से सामान रखने और कब्जा होने से फुटपाथ और सड़कों का उसकी क्षमता के अनुरूप उपयोग नहीं हो पाता है। इससे यातायात बाधित होता है। सड़क पर अवैध कब्जे करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करने के लिए कलेक्टर आशीष सिंह ने निर्देश दिये है।
उन्होंने कहा कि, पहले चरण में शहर के 15 मुख्य मार्गों का चयन ट्रैफिक विभाग कर यह अभियान चलाये। फुटपाथ पर कब्जा करने वालों और रोड पर कब्जा करने वालों को अनाउंसमेंट कर तीन दिन का समय देंवे। इसके बाद कार्रवाई की जाए। उसके बाद भी यदि नहीं मानते हैं तो दुकानों को सील किया जाए। बैठक में बताया गया कि, शहर से लंबे रूट की यात्री बसों संचालन नहीं होने दिया जायेगा। इसके बस स्टैण्ड शहर के बाहर शिफ्ट किये जायेंगे।
बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह ने शहर के चिन्हित 15 चौराहों को भी यातायात के लिए सुलभ बनाने के निर्देश दिये। बताया गया कि इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों का दल भ्रमण कर अपनी रिपोर्ट देंगे।
ये भी पढ़े- Indore News: कलेक्टर और निगम कमिश्नर बने टीचर, बच्चों को बढ़ाया अनोखा पाठ












Click it and Unblock the Notifications