Indore News: इन कॉलोनियों में नहीं खरीदें प्रॉपर्टी, अवैध होने पर हुई कार्रवाई
मध्यप्रदेश के इंदौर में कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देश पर इंदौर में अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई लगातार की जा रही है। इसी सिलसिले में अपर कलेक्टर गौरव बेनल के मार्गदर्शन में एक बड़ी कार्रवाई की गयी।
ग्राम धन्नड़ स्थित एक अवैध कॉलोनी के कार्यालयों को सील किया गया। वहीं अब आगे प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी रहने की संभावना जताई जा रही है.

प्रशासन ने लिया एक्शन
एसडीएम राऊ गोपाल सिंह वर्मा ने बताया कि, ग्राम धन्नड़ के खसरा नम्बर 1061, 1058/5 पर अवैध निर्माण की शिकायत मिलने पर जाँच की गयी थी। बताया गया कि खसरा नम्बर 1061 अरुण पिता परमानंद सिसोदिया तथा खसरा नम्बर 1058/5 ईश्वर पिता बद्रीलाल के नाम से है और रेकार्ड में कृषि भूमि के रुप में दर्ज है। खसरा नम्बर 1061 पर पक्की सड़क और 70 निर्माणाधीन मकान सहित अन्य विकास संरचना पायी गयी। खसरा नम्बर 1058/5 रिक्त पाया गया। मौके से ही अरुण सिसोदिया को फोन कर उपस्थित होने के निर्देश दिये गये। असमर्थता बताने पर उसे समस्त दस्तावेजों के साथ एक अप्रैल को एसडीएम के समक्ष उपस्थित होने हेतु निर्देशित किया गया।
मौके पर ही उपस्थित एक नागरिक द्वारा प्लाट क्रय करना बताया गया। खसरा नम्बर 1061 में विकसित की जा रही कॉलोनी के प्लाट/रो हाउस के विक्रय हेतु लोहे से निर्मित कैप्सूलनुमा दो ताला बंद आफिस पाये गये। मौके पर कोई भी नहीं पाया गया। इन कार्यालयों को सील किया गया।
लगातार हो रही कार्रवाई
मध्यप्रदेश के सीहोर में मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त पत्र पर कलेक्टर बालागुरू के. ने कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देशानुसार तहसीलदार भरत नायक द्वारा सीहोर तहसील के ग्राम आमरोद से ग्राम चौड़ी आने जाने वाले रास्ते का अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
उल्लेखनीय है कि, ग्राम आमरोद निवासी किसान गुलाबसिंह ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को शासकीय रास्ते से अतिक्रमण हटाने के लिए आवेदन पत्र भेजा था।
किसान गुलाबसिंह ने अपने आवेदन में बताया था कि ग्राम आमरोद से ग्राम चौड़ी के बीच एक सरकारी रास्ता है, जो दोनों ग्रामों को जोड़ता है, इसी रास्ते से होकर वह अपनी भूमि तक पहुंचते थे, पर हरलीन पत्नि नवजोत सिंह बग्गा द्वारा उस रास्ते पर अतिक्रमण कर रास्ता बंद कर दिया गया था। जिससे किसान गुलाब सिंह अपने खेत पर नही पंहुच पा रहे थे। किसान गुलाब सिंह के आवेदन पत्र पर तहसीलदार भरत नायक द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सरकारी रास्ते से अतिक्रमण हटाया गया।
खरगोन में हुआ एक्शन
कलेक्टर भव्या मित्तल द्वारा टीएम बैठक में दिये गए निर्देशानुसार राजस्व विभाग, पुलिस विभाग एवं नगरपालिका परिषद द्वारा संयुक्त रूप से 26 मार्च को टेमला रोड से नवग्रह मंदिर तक मुख्य सड़क के दोनो साईड अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी एमआर निंगवाल ने बताया कि, जिला प्रशासन के सहयोग से टेमला फाटा रोड से श्री नवग्रह मंदिर तिराहे तक रोड़ के दोनों साईड से फल एवं अन्य दुकानें, गुमठियों आदि लगाकर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही की गई है।
ये भी पढ़े- Indore News: इंदौर की इस सड़क पर बुलडोजर एक्शन, अब यहां से हटेगा अतिक्रमण












Click it and Unblock the Notifications