MP के इस शहर में डेंगू का डंक, सामने आए 7 नए मरीज
इंदौर, 26 अगस्त: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में इन दिनों डेंगू का कहर लगातार बढ़ता चला जा रहा है, जहां लगातार डेंगू के नए मरीज सामने आ रहे हैं। वहीं शहर में 7 नए डेंगू के मरीज मिले हैं। इसी के साथ अब तक डेंगू के कुल मरीजों की संख्या 14 तक पहुंच चुकी है। डेंगू के 7 नए मरीजों में 5 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल है। देखा जाए तो लगातार बढ़ रहे डेंगू के मामलों ने लोगों की टेंशन बढ़ा दी है, तो वहीं स्वास्थ्य विभाग का अमला भी अब अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। डेंगू की बीमारी से किस तरह से बचा जा सके और किस तरह से इस बीमारी को फैलने से रोका जा सके इसे लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

बारिश के चलते बढ़ रहे मामले
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें तो प्रदेश में हाल ही में भारी बारिश का सिलसिला चला था, जिसके चलते मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में भी भारी बारिश देखने मिली थी। वहीं इसी के चलते कई स्थानों पर गंदगी जमा हो गई, तो वहीं कई स्थानों पर जल जमाव की स्थिति भी पैदा हुई थी। यही कारण रहा कि, मच्छरों के बढ़ने से इस बीमारी में विस्तार हुआ है। वहीं अब जिन-जिन क्षेत्रों में डेंगू के मरीज मिल रहे हैं, उन क्षेत्रों में जमा हुआ जल खाली करने की अपील स्वास्थ्य विभाग कर रहा है।
यह है डेंगू बुखार के लक्षण
डेंगू एक संक्रमण है, जो डेंगू वायरस के कारण होता है। डेंगू का इलाज सही समय पर करना बेहद आवश्यक है। डेंगू वायरस को फैलाने के लिए मच्छर जिम्मेदार होते हैं। डेंगू वायरस होने पर पीड़ित को अत्यधिक दर्द होता है। इसी के साथ बुखार, सिर दर्द, त्वचा पर चेचक, मांसपेशियों में अकड़न और शरीर में दर्द इसके लक्षण हैं। इतना ही नहीं डेंगू बीमारी में प्लेटलेट्स भी कम होने लगते हैं, जहां यह बीमारी इलाज ना करवाने पर घातक साबित हो सकती है।
यह है डेंगू से बचने के उपाय
डेंगू का लार्वा सामान्य तौर पर ठहरे हुए पानी में पैदा होता है, जहां जमा हुआ पानी डेंगू के मच्छर पैदा करने के लिए सबसे बड़ी वजह माना जाता है, इसलिए डेंगू से बचने का सबसे पहला उपाय यही है कि, घर या मोहल्ले में पानी जमा होने से बचाएं। साथ ही यदि पानी जमा है तो उसे तुरंत खाली कराया जाए। इसी के साथ मच्छरों से बचकर रहना भी इस बीमारी का उपाय है। वहीं यदि इस बीमारी के लक्षण दिखते हैं, तो तुरंत ही चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications