लुटेरी दुल्हनों ने लगाया 3 भाइयों को लाखों का चूना, हैरान कर देगा फ्रॉड का तरीका
इंदौर, 15 जुलाई: मध्यप्रदेश में इन दिनों अलग-अलग तरीकों से ठगी की वारदात को अंजाम देने का सिलसिला जारी है। इस बीच एक ऐसा मामला निकलकर सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के किसान परिवार के तीन भाइयों को शादी करनी थी, जिसके बाद परिवार ने इन तीनों भाइयों के लिए लड़की ढूंढने का सिलसिला शुरू किया, जहां रिश्ता तय होने पर रिश्ता तय करवाने वाले ने डेढ़ लाख रुपए ले लिए, वहीं इसके बाद सगाई के दिन तीनों दुल्हनें जेवर लेकर फरार हो गई।

कुछ ऐसा है पूरा मामला
यह पूरा मामला किसान परिवार से जुड़ा हुआ है, जहां तीन भाइयों को शादी के लिए लड़की नहीं मिल रही थी, जिसके बाद बड़ी मुश्किल से एक दलाल के जरिए इन तीनों भाइयों का रिश्ता तय हुआ, जहां रिश्ता तय करवाने के नाम पर दलाल ने डेढ़-डेढ़ लाख रुपए ले लिए। वहीं इसके बाद दलाल और परिवार शादी के लिए राजी हुए, जहां सगाई के दिन तीनों दुल्हनों को परिवार की ओर से जेवर चढ़ाए गए थे। वहीं सगाई के दौरान तीनों ही दुल्हन चकमा देकर और जेवर लेकर फरार हो गई।

परिवार के साथ 5 लाख की धोखाधड़ी हुई
धोखाधड़ी का शिकार हुए परिवार से जुड़े एक व्यक्ति ने बताया कि, आरोपियों ने उनसे 5 लाख की धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया है। परिवार को लड़कों की शादी के लिए लड़की ना मिलने पर परेशान देख दलाल खुद रिश्ता लेकर परिवार के पास आया था, जिसके बाद परिवार ने दलाल की बातों में आकर तीनों लड़कों की शादी लुटेरी दुल्हनों से तय कर दी थी।

पहले भी सामने आ चुके हैं कई मामले
मध्य प्रदेश में इससे पहले भी लुटेरी दुल्हन का शिकार हुए कई लोग सामने आ चुके हैं, जहां लगातार अब मध्यप्रदेश में लुटेरी दुल्हने ठगी की वारदात को अंजाम दे रही है, आमतौर पर लुटेरी दुल्हन और दलाल उन परिवार को अपना शिकार बनाते हैं, जिनके लड़कों की शादियों के लिए लड़कियां नहीं मिल रही। वहीं इसके बाद यह परिवारों को झांसा देकर ठगी की वारदात को अंजाम दे जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications