लालदुहोमा ने ली मिजोरम के मुख्यमंत्री पद की शपथ, जानिए उनके IPS ऑफिसर से मुख्यमंत्री बनने तक का सफर
Lalduhoma takes oath as the Chief Minister of Mizoram: जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) के नेता लालदुहोमा ने शुक्रवार को मिजोराम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मिजोरम के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने राजभवन परिसर में लालदुहोमा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11 बजे आइजोल में आयोजित किया गया।
मिजोरम में हाल ही में विधानसभा चुनाव 2023 के परिणाम घोषित हुए। जिसमें ZPM ने राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए 40 में से 27 सीटों पर जीत दर्ज की। मिजोरम विधानसभा चुनाव 2023 में, लालदुहोमा को सेरछिप निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चुना गया था। उन्हें कुल 8314 वोट मिले। दूसरे स्थान पर आने वाले मिजो नेशनल फ्रंट के जे. माल्सावमजुआला वानचावंग से लालदुहोमा को 2982 वोट अधिक मिले।

लालदुहोमा की राजनीतिक यात्रा
74 वर्षीय लालदुहोमा पूर्व भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं। उन्हें 1977 में आईपीएस के लिए चुना गया था। अपने शानदार करियर के दौरान, उन्होंने 1982 में पूर्व प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी की सिक्योरिटी में बतौर सुरक्षा प्रभारी भी काम किया था।
आईपीएस छोड़ने के बाद, वह 1984 में कांग्रेस सांसद बने। बाद में उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया और नवंबर 1988 में दल-बदल विरोधी कानून के तहत अयोग्य घोषित होने वाले पहले सांसद बने।
लालडुहोमा ने मिजोरम में उग्रवाद को समाप्त करने में सक्रिय भूमिका निभाई, जिसने 1986 में मिजोरम शांति समझौते पर हस्ताक्षर करने का मार्ग प्रशस्त किया। बाद में उन्होंने मिजो नेशनल फ्रंट (राष्ट्रवादी) का गठन किया, जिसे बाद में 1997 में जोरम नेशनलिस्ट पार्टी (जेडएनपी) का नाम दिया गया। 2003 में, उन्होंने ZNP उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव जीता।
2017 में, जोरम नेशनलिस्ट पार्टी, जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) बनाने के लिए छह-पक्षीय गठबंधन में शामिल हो गई। 2018 मिजोरम विधानसभा चुनावों में, लालदुहोमा एक स्वतंत्र विधायक के रूप में चुने गए, क्योंकि ZPM को तब तक भारत चुनाव आयोग (ECI) द्वारा मान्यता नहीं दी गई थी। 2019 में, ZPM को ECI द्वारा एक राजनीतिक दल के रूप में मान्यता दी गई।
2020 में, दलबदल विरोधी कानून के तहत लालदुहोमा को विधायक के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया था। 2021 में, उन्होंने सेरछिप से ZPM उम्मीदवार के रूप में उपचुनाव लड़ा और जीत हासिल की। 2023 विधानसभा चुनाव में ZPM ने जनादेश हासिल किया और लालदुहोमा ने मिजोरम के मुख्यमंत्री के तौर पर पद भार संभाला।
यह देखें: "उन्होंने वस्त्रहरण शुरू किया है अब महाभारत का रण देखेंगे", महुआ मोइत्रा की सदस्यता पर फैसला आज!












Click it and Unblock the Notifications